अहमदाबाद

नवसारी में साढ़े तीन इंच बारिश, सावरकुंडला व पेटलाद भी तरबतर

गलवार को राज्य की 62 तहसीलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि 20 तहसीलों में एक इंच से अधिक वर्षा हुई। सबसे अधिक करीब साढ़े तीन इंच बारिश नवसारी तहसील में रिकॉर्ड की गई। वहीं सौराष्ट्र में अमरेली जिले की सावरकुंडला और मध्य गुजरात में आणंद जिले की पेटलाद तहसील में भी लगभग तीन इंच बारिश हुई। दक्षिण गुजरात में दिनभर झमाझम बारिश का दौर जारी रहा।
2 min read
Rain in gujarat
पेटलाद में बारिश का भरा पानी।

गुजरात में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आखिरकार रफ्तार पकड़ ली। मंगलवार को राज्य की 62 तहसीलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि 20 तहसीलों में एक इंच से अधिक वर्षा हुई। सबसे अधिक करीब साढ़े तीन इंच बारिश नवसारी तहसील में रिकॉर्ड की गई। वहीं सौराष्ट्र में अमरेली जिले की सावरकुंडला और मध्य गुजरात में आणंद जिले की पेटलाद तहसील में भी लगभग तीन इंच बारिश हुई। दक्षिण गुजरात में दिनभर झमाझम बारिश का दौर जारी रहा।स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (एसईओसी) के अनुसार मंगलवार को वलसाड जिले की धरमपुर तहसील में 2.76 इंच, सूरत शहर में 2.40 इंच, सूरत जिले की कामरेज तहसील में 2.36 इंच, नवसारी जिले की जालालपोर तहसील में 2.05 इंच तथा खेड़ा जिले की वसो और सूरत जिले की पलसाणा तहसीलों में 1.85-1.85 इंच बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा सूरत जिले की अंबिका, महुवा, बारडोली, ओलपाड, चौर्यासी और मांगरोल, डांग जिले की वघई, गिर सोमनाथ जिले की ऊना, तापी जिले की वलोद और डोलवण तथा नवसारी जिले की चीखली तहसील में भी एक इंच से अधिक वर्षा हुई।

पेटलाद में दो घंटे में तीन इंच बारिश, सड़कों पर भरा पानी

आणंद जिले में लंबे इंतजार के बाद दोपहर में बरसात ने जोरदार दस्तक दी। दोपहर 12 से 2 बजे के बीच पेटलाद में करीब तीन इंच बारिश दर्ज की गई। तेज बारिश से शहर के रंजन सिनेमा रोड, गंज बाजार के पीछे ओवरब्रिज निर्माण स्थल, कॉलेज चौकड़ी और मलाव भागोल सहित कई निचले इलाकों में पानी भर गया। हालांकि बारिश थमने के करीब आधे घंटे बाद पानी उतरने से यातायात सामान्य हो गया। बारिश से तापमान में गिरावट आई और उमसभरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। वहीं, लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरों पर भी खुशी लौट आई।

दो-तीन दिनों में अन्य हिस्सों में होगा सक्रिय

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में मानसून गुजरात के शेष हिस्सों में भी सक्रिय हो जाएगा। बुधवार से सूरत, तापी, डांग, नवसारी, वलसाड, भरूच, नर्मदा और छोटा उदेपुर जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। तीन जुलाई से अहमदाबाद, गांधीनगर, खेड़ा, साबरकांठा, अरवल्ली और मेहसाणा सहित उत्तर एवं मध्य गुजरात में गरज-चमक, 40 से 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के बाद राज्य में मानसूनी गतिविधियां और तेज होने के संकेत हैं।

बादलों की आवाजाही के बावजूद बारिश नहीं

उधर अहमदाबाद में बादलों की आवाजाही के बावजूद बारिश नहीं हुई। शहर का अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। हवा में नमी बढ़ने से दिनभर उमसभरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया।

Published on:
30 Jun 2026 09:54 pm