अहमदाबाद

Gujarat: स्थानीय निकाय चुनाव प्रचार के अंतिम दिन भाजपा-कांग्रेस-आप ने झोंकी ताकत

अहमदाबाद में मुख्यमंत्री पटेल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का रोड शो, दोनों ने किया दावा- भाजपा की होगी जीत, 26 को होगा मतदान, 28 को मतगणना

2 min read
अहमदाबाद शहर के बापूनगर में रोड शो करते मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा।

Ahmedabad. गुजरात में 26 अप्रेल को स्थानीय निकाय चुनाव के तहत मतदान को लेकर चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शुक्रवार को भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी सहित अन्य राजनीतिक दलों ने ताकत झोंक दी। अहमदाबाद में भारतीय जनता पार्टी ने प्रचार में अपनी ताकत झोंकी। तेज धूप के बीच शहर के ज्यादातर वार्डों में नेताओं ने स्थानीय प्रत्याशियों के साथ रैली निकाली।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने शुक्रवार को बापूनगर क्षेत्र में रोड शो किया। दोनों ही नेताओं ने एक बार फिर से न सिर्फ अहमदाबाद बल्कि राज्य की सभी महानगर पालिकाओं, नगर पालिकाओं, जिला और तहसील पंचायतों में रेकॉर्ड सीटें जीतने का दावा किया। उधर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा सहित अन्य नेताओं ने भी अंतिम दिन चुनाव प्रचार किया। वहीं आम आदमी पार्टी की ओर से राजकोट में दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित स्थानीय नेताओं ने चुनावी रैली की।

बापूनगर से निकोल तक रोड शो

केसरिया खेस धारण कर अहमदाबाद के बापूनगर के श्याम शिखर चार रास्ते से सीएम व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का रोड शो शुरू हुआ था। यह इंडिया कोलोनी, ठक्करबापानगर एप्रोच, लीलानगर, खोडियारनगर, 80 फीट रोड बेटी बचाओ सर्कल होते हुए निकोल खोडियार मंदिर पर संपन्न हुआ। इस दौरान भाजपा के कार्यकर्ता शामिल हुए। वे जगह जगह सीएम और प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते नजर आए।

बीते चुनाव से भी ज्यादा सीटें जीतेंगे: सीएम

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि भाजपा स्थानीय निकायों में वर्ष 2021 में आए परिणाम से भी ज्यादा सीटें भाजपा जीतेगी। ऐसा परिणाम न सिर्फ अहमदाबाद महानगर पालिका में बल्कि सभी मनपा, नपा और जिला व तहसील पंचायतों में भी आएगा। भाजपा रेकॉर्ड सीटें जीतेगी। कांग्रेस पार्टी की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ आरोप लगाने का ही कार्य करती है। भाजपा को जनता का समर्थन प्राप्त है।

कांग्रेस के पास न तो नेता ना ही मुद्दे: विश्वकर्मा

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने मीडिया से बातचीत में कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस के पास ना तो मुद्दे हैं और ना ही कोई नेता है। भाजपा को जनता का समर्थन मिल रहा है।

मनोज तिवारी ने अमराईवाड़ी में किया प्रचार

उधर दिल्ली से भाजपा सांसद व भोजपुरी गायक तथा अभिनेता मनोज तिवारी ने भी हिंदी भाषी मतदाता बहुल अमराईवाड़ी क्षेत्र में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन रैली निकाली। उन्होंने भी संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि भाजपा केवल वादे नहीं करता है बल्कि उन्हें पूरा भी करती है। उनके साथ गुजराती अभिनेता हितू कनोडिया भी थे। भाजपा सेवा करने में विश्वास करती है।

Published on:
24 Apr 2026 10:18 pm
Also Read
View All