अहमदाबाद

Gujarat: निजी मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस करने को देनी होगी अब इतने लाख रुपए की सालाना फीस

गुजरात के 19 निजी मेडिकल कॉलेजों की वर्ष 2024-25 की फीस घोषित की गई है। प्रबंधन कोटे की फीस 16.31 लाख से 23 लाख रुपए तय की है।

2 min read
अहमदाबाद एल जी मेडिकल कॉलेज।

गुजरात राज्य की मेडिकल फीस नियमन समिति (एफआरसी-मेडिकल) ने राज्य के 19 निजी मेडिकल कॉलेजों के एमबीबीएस कोर्स की वर्ष 2024-25 की वार्षिक फीस तय कर दी। शुक्रवार को इसकी आधिकारिक घोषणा भी कर दी। इसके तहत इन 19 निजी मेडिकल कॉलेजों से एमबीबीएस की पढ़ाई करने के लिए सरकारी कोटे के तहत प्रवेश पाने वाले विद्यार्थियों को वार्षिक 7.41 लाख रुपए से लेकर 10 लाख रुपए तक फीस चुकानी होगी।

प्रबंधन कोटे के तहत प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को 16.31 लाख रुपए से लेकर 23 लाख रुपए तक की सालाना फीस देनी होगी।फीस समिति ने एमबीबीएस कोर्स के लिए सरकारी (कुल सीट की 75 प्रतिशत) और प्रबंधन कोटे (25 प्रतिशत सीट) दोनों ही की वर्ष 2024-25 की फीस घोषित की है। सरकारी कोटे में एमबीबीएस कोर्स की सबसे कम 7.41 लाख रुपए सालाना फीस एनएचएल मेडिकल कॉलेज की है। अहमदाबाद म्युनिसिपल कोर्पोरेशन मेडिकल एजूकेशन ट्रस्ट संचालित इस कॉलेज की प्रबंधन कोटे की वार्षिक फीस 22.88 लाख रुपए तय की है।

सरकारी कोटे में एमबीबीएस की सबसे ज्यादा 10 लाख रुपए वार्षिक फीस पारुल यूनिवर्सिटी के तहत आने वाले वडोदरा के पारुल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च लीमडा कॉलेज की है। चरोतर आरोग्य मंडल संचालित प्रमुख स्वामी मेडिकल कॉलेज करमसद आणंद की वार्षिक फीस भी 10 लाख रुपए है।

प्रबंधन कोटे में नरेन्द्र मोदी कॉलेज की फीस सर्वाधिक

प्रबंधन कोटे में सबसे ज्यादा 23 लाख रुपए वार्षिक फीस अहमदाबाद म्युनिसिपल कोर्पोरेशन मेडिकल एजूकेशन ट्रस्ट संचालित नरेन्द्र मोदी मेडिकल कॉलेज अहमदाबाद की है। इस कॉलेज की सरकारी कोटे की फीस 9.14 लाख रुपए है। प्रबंधन कोटे में सबसे कम 16.24 लाख रुपए वार्षिक फीस पालनपुर स्थित बनास मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट की है। इस कॉलेज की सरकारी कोटे की फीस 7.98 लाख रुपए है।

इन निजी कॉलेजों की एमबीबीएस की सरकारी कोटे की फीस

कॉलेज- सरकारी कोटे की फीस- प्रबंधन कोटे की फीस

-जीसीएस मेडिकल-नरोडा-8.70 लाख-16.31 लाख-

जायडस मेडिकल कॉलेज-अहमदाबाद-9.37 लाख-18.73 लाख

-डॉ.एम.के.शाह मेडिकल कॉलेज-अहमदाबाद-9.66 लाख-19.32 लाख

-साल मेडिकल कॉलेज-अहमदाबाद-9.52 लाख-17.60 लाख

-श्री स्वामीनारायण कॉलेज-गांधीनगर-9.05 लाख-17.32 लाख

-अनन्या मेडिकल कॉलेज-गांधीनगर-9.05 लाख-17.32 लाख

-सूरत मनपा मेडिकल कॉलेज-8.95 लाख-19.96 लाख

-किरण मेडिकल कॉलेज-सूरत-9.05 लाख-17.32 लाख

-गुजरात अदाणी मेडिकल कॉलेज-भुज-8.70 लाख-18.55 लाख

निजी डेंटल, आयुर्वेद, होम्योपैथी कॉलेज की 3 साल की फीस भी घोषित

अहमदाबाद. गुजरात राज्य मेडिकल फीस नियमन समिति ने राज्य के निजी डेंटल, आयुर्वेद, होम्योपैथी कॉलेज के बीडीएस, बीएचएमएस, बीएएमएस कोर्स की 3 साल वर्ष 2024-25-, 2025-26 और 2026-27 की वार्षिक फीस भी निर्धारित कर दी है। कर्णावती डेंटल कॉलेज उवारसद की 2024-25 की वार्षिक फीस इन तीनों ही साल में सरकारी कोटे के लिए 4.40 लाख है। प्रबंधन कोटे में यह 7.40 लाख रुपए सालाना निर्धारित की है। कॉलेज ऑफ डेंटल साइंस एंड रिसर्च मणिपुर, अहमदाबाद के बीडीएस कोर्स की सरकारी कोटे की तीन साल के लिए वार्षिक फीस 3.30 लाख रुपए और प्रबंधन कोटे की फीस 6 लाख रुपए सालाना तय की है।

कमर तोड़ फीस वृद्धि, सरकार को संचालकों की चिंता: कांग्रेस

गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति के मुख्य प्रवक्ता डॉ.मनीष दोशी ने निजी एमबीबीएस कोर्स की फीस में की गई वृद्धि को कमरतोड़ वृद्धि बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने मनपा संचालित कॉलेजों की फीस भी बेतहासा बढ़ाई है। सरकार को निजी कॉलेज संचालकों की चिंता है। नीट यूजी विवाद से परेशान और महंगाई से जूझ रहे अभिभावकों की नहीं है। कांग्रेस इसका विरोध करती है और इसे वापस लेने की मांग करती है।

Published on:
23 Aug 2024 09:55 pm
Also Read
View All

अगली खबर