अहमदाबाद

अहमदाबाद जिले में भारी बारिश, सेना की दो, एनडीआरएफ की एक टीम तैनात

धोलका, वीरमगाम और धंधुका में 600 मिमी से ज्यादा बारिश, 430 से अधिक लोगों को सुरक्षित पहुंचाया, 40 का रेस्क्यू, दो एसडीआरएफ टीमें राहत कार्य में जुटीं, जिले में कई मार्ग भी बंद, हाईवे पर भी भरा पानी, राजकोट-अहमदाबाद हाईवे भी बंद
2 min read
Bavla area
अहमदाबाद जिले के बावला क्षेत्र में बारिश के पानी के बीच फंसे लोगों को बाहर निकालती भारतीय सेना की टीम।

Ahmedabad. जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे के दौरान हुई अत्यधिक बारिश के चलते जिला प्रशासन ने युद्धस्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया है। जिला कलक्टर भव्य वर्मा ने बताया कि धोलका, वीरमगाम और धंधुका तहसीलों में 600 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है। शुक्रवार सुबह 8 बजे के बाद बारिश की तीव्रता में कमी आने से स्थिति में आंशिक सुधार देखने को मिला है। पिछले चार से पांच घंटों के दौरान धोलका के कुछ इलाकों को छोड़कर अन्य स्थानों पर उल्लेखनीय वर्षा नहीं हुई।

कलक्टर ने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से एहतियात के तौर पर 430 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जबकि जलभराव में फंसे करीब 40 लोगों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। इनमें गंभीर परिस्थितियों में फंसे छह लोगों को एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला।40 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित पहुंचाया, पांच की हुई प्रसूति

सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए लोगों में 40 गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं। समय पर उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाने के कारण चार से पांच महिलाओं की सफल प्रसूति कराई गई। सभी नवजात और माताएं पूरी तरह स्वस्थ हैं।

धोलका में सेना और एनडीआरएफ तैनात

बारिश की गंभीर स्थिति को देखते हुए धोलका तहसील को सबसे संवेदनशील क्षेत्र घोषित किया है। यहां एक आर्मी यूनिट और एक एनडीआरएफ टीम तैनात की गई है। वहीं, बावला के पास राजकोट हाईवे पर स्थित गैलेक्सी और जायडस इंडस्ट्रीज क्षेत्र में जलभराव के कारण फंसे श्रमिकों के रेस्क्यू के लिए एक आर्मी और एक एसडीआरएफ टीम कार्यरत है। वीरमगाम में भी एक एसडीआरएफ टीम लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। जिले में फिलहाल दो आर्मी, एक एनडीआरएफ और दो एसडीआरएफ टीमें विभिन्न स्थानों पर राहत कार्य चला रही हैं।

11 ग्रामीण सड़कें बंद, राज्य मार्गों पर यातायात सामान्य

कलक्टर ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों की 11 सड़कें बंद हैं, जिनमें अधिकांश पंचायत क्षेत्र की सड़कें शामिल हैं। हालांकि, राज्य मार्गों पर यातायात सामान्य हो गया है। उन्होंने कहा कि बारिश का पानी उतरने के बाद जिला पंचायत प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे और सफाई अभियान शुरू करेगी। साथ ही नुकसान झेलने वाले परिवारों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। जिला आपूर्ति विभाग ने पर्याप्त फूड पैकेट उपलब्ध कराए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित इलाकों में तत्काल वितरण किया जा सके।

25 को भी रेड अलर्ट, घरों से बाहर न निकलने की अपील

कलक्टर भव्य वर्मा ने बताया कि अहमदाबाद जिले में 25 जुलाई को भी बारिश का रेड अलर्ट जारी है। अगले कुछ घंटों तक सतर्कता बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अत्यंत आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें और जिला प्रशासन द्वारा जारी सभी निर्देशों का पालन करें।

Updated on:
24 Jul 2026 10:40 pm
Published on:
24 Jul 2026 10:39 pm