
Ahmedabad. शहर में लगातार हो रही भारी बारिश और विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए शुक्रवार के बाद अब 1 अगस्त शनिवार को भी शहर व जिले के सभी स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
जिला कलक्टर भव्य वर्मा के आदेश पर अहमदाबाद शहर पूर्व और पश्चिम के जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) ने शुक्रवार को इस संबंध में आदेश जारी किए। ऐसे में विद्यार्थियों को लगातार दूसरे दिन शनिवार को भी छुट्टी मिलेगी। चूंकि 2 अगस्त को रविवार है, इसलिए अब शहर के स्कूल और कॉलेज सीधे 3 अगस्त को खुलेंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी (अहमदाबाद पश्चिम एवं पूर्व) रोहित चौधरी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि कलक्टर अहमदाबाद से प्राप्त निर्देशों तथा शहर में जारी भारी बारिश की स्थिति को देखते हुए 1 अगस्त को भी शहर के सभी सरकारी, अनुदानित और निजी प्राथमिक, माध्यमिक, उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों तथा कॉलेजों में अवकाश रहेगा। इस संबंध में अभिभावकों को एसएमएस, व्हॉट्सएप व अन्य माध्यमों से सूचना देने को कहा है। उधर अहमदाबाद मनपा संचालित स्कूलों में भी एक अगस्त यानी शनिवार को अवकाश घोषित किया गया है।
वडोदरा. अहमदाबाद. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने एक अगस्त के लिए वडोदरा जिले में भारी बारिश का रेड अलर्ट और गांधीनगर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उसे देखते हुए वडोदरा और गांधीनगर जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर एक अगस्त शनिवार को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक, माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, आइटीआइ तथा कॉलेजों में शैक्षणिक कार्य बंद रखने का आदेश जारी किया है। शुक्रवार को भी वडोदरा , गांधीनगर में भारी बारिश के चलते स्कूल, कॉलेज बंद रहे थे। वडोदरा जिला मजिस्ट्रेट अनिल धामेलिया और गांधीनगर कलक्टर रविन्द्र खताले की ओर से शनिवार के लिए यह आदेश जारी किया गया। आदेश में कहा है कि जिले में भारी से अति भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। ऐसे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा-163 के तहत यह आदेश लागू किया गया है।पूरे वडोदरा जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी रहेगा।
31 जुलाई (शुक्रवार) : भारी बारिश के कारण अवकाश 1 अगस्त (शनिवार) को भी अवकाश घोषित, 2 अगस्त को रविवारका अवकाश है। ऐसे में अब स्कूल-कॉलेज 3 अगस्त सोमवार को खुलेंगे।