अहमदाबाद

13 व्यापारियों से डेढ़ करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी, अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

पुलिस को सूचना मिली थी कि वर्ष 2026 में आणंद ग्रामीण पुलिस थाने में दर्ज धोखाधड़ी के मामले में फरार आरोपी रीकीन रावल राजकोट के घनश्याम नगर इलाके में कालावाड रोड स्थित श्रवण अपार्टमेंट में रह रहा है। इसके आधार पर पीएसआइ जे.बी. वाघेला, एएसआइ प्रवीणसिंह कंभु सहित पैरोल-फर्लो स्क्वाड की टीम निजी वाहन और सादे कपड़ों में राजकोट पहुंची और आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर आणंद लाया गया।
2 min read
Interstate Accused Arrested for Defrauding 13 Traders of Over ₹1.5 Crore
गिरफ्तार आरोपी

33 से अधिक मामलों में फरार था, 20 से अधिक वारंट हुए जारी, आणंद पैरोल-फर्लो स्क्वाड ने राजकोट से पकड़ा

आणंद. जिला पुलिस के पैरोल-फर्लो स्क्वाड ने 13 व्यापारियों से डेढ़ करोड़ रुपए से अधिक की धोखाधड़ी के मामले में शामिल एक अंतरराज्यीय आरोपी को राजकोट से गिरफ्तार किया। उसकी पहचान रीकीन रावल के रूप में हुई। पूछताछ में सामने आया कि वह धोखाधड़ी के 33 से अधिक मामलों में फरार था और उसके खिलाफ विभिन्न अदालतों से 20 से अधिक वारंट जारी हो चुके हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि वर्ष 2026 में आणंद ग्रामीण पुलिस थाने में दर्ज धोखाधड़ी के मामले में फरार आरोपी रीकीन रावल राजकोट के घनश्याम नगर इलाके में कालावाड रोड स्थित श्रवण अपार्टमेंट में रह रहा है। इसके आधार पर पीएसआइ जे.बी. वाघेला, एएसआइ प्रवीणसिंह कंभु सहित पैरोल-फर्लो स्क्वाड की टीम निजी वाहन और सादे कपड़ों में राजकोट पहुंची और आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर आणंद लाया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने तारापुर के एक व्यापारी से 50 किलो चने की 219 बोरियां खरीदी थीं और भुगतान करने का भरोसा दिया था, लेकिन 8.15 लाख रुपए का भुगतान नहीं किया। व्यापारी द्वारा तारापुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गया था।

3 लाख रुपए नकद बरामद

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फर्जी फर्में बनाकर गुजरात सहित अन्य राज्यों के व्यापारियों से व्यापार के नाम पर धोखाधड़ी की। पुलिस ने उसके पास से 3 लाख रुपए नकद बरामद किए। आरोपी ने पश्चिम बंगाल में सिलीगुड़ी की कंपनी से 20 लाख रुपए का सरसों का तेल, कर्नाटक में मेंगलूरु के व्यापारी से 25 लाख की सुपारी, महाराष्ट्र के मुंबई में 10 लाख का सरसों का तेल, गुजरात के अहमदाबाद में 14 लाख का माल तथा अन्य व्यापारियों से कपड़ा और चने खरीदकर भुगतान नहीं किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने करीब 13 व्यापारियों से कुल 1.56 करोड़ रुपए से अधिक की धोखाधड़ी की।
आरोपी के खिलाफ गुजरात के विभिन्न पुलिस थानों और अदालतों में करीब 27 मामले दर्ज हैं। अहमदाबाद के कागड़ापीठ पुलिस थाने में उसके खिलाफ पहले पासा के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।

छेड़छाड़ से परेशान युवती ने की थी आत्महत्या, आरोपी तांत्रिक गिरफ्तार

वडोदरा. शहर के छाणी रोड इलाके में छेड़छाड़ से परेशान होकर करीब छह महीने पहले एक युवती ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आरोपी तांत्रिक गिरीश परमार को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, तुलसीवाड़ी क्षेत्र में रहने वाली युवती बीमार रहती थी, जिसके चलते उसका परिवार छाणी रोड इलाके में तांत्रिक के पास गया था। तांत्रिक ने युवती से कहा कि उसमें चुड़ैल बैठी है और उसे भगाने के बहाने उसके साथ छेड़छाड़ की। उससे रुपए भी ऐंठे थे।इससे परेशान होकर युवती ने लगभग छह माह पहले आत्महत्या कर ली थी। युवती का मोबाइल फोन फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) में जांच के लिए भेजा गया, अब इस मामले का खुलासा हुआ। व्हाट्सऐप चैट की जांच से यह पूरा मामला सामने आया। कुंभारवाडा थाना पुलिस ने तांत्रिक गिरीश परमार को गिरफ्तार कर लिया।

Updated on:
19 Aug 2026 10:24 pm
Published on:
19 Aug 2026 10:24 pm