19 अगस्त 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

फिजियोथैरेपी कॉलेज की हॉस्टल कैंटीन में खाने में मिले कीड़े, एफएसएसएआइ लाइसेंस भी नहीं

शहर में लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए अहमदाबाद महानगरपालिका के फूड विभाग की जांच में खाद्य प्रतिष्ठानों की लापरवाही सामने आई है।
3 min read
Google source verification
amc news

इकाइ को सील करते कर्मचारी।

ahmedabad: शहर में लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए अहमदाबाद महानगरपालिका के फूड विभाग की जांच में खाद्य प्रतिष्ठानों की लापरवाही सामने आई है। सैजपुर-बोघा स्थित फिजियोथैरेपी कॉलेज हॉस्टल की कैंटीन में खाद्य पदार्थों में चींटियां और अन्य कीड़े मिले, जबकि संचालक के पास एफएसएसएआइ लाइसेंस तक नहीं था। कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र, पेस्ट कंट्रोल और पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं मिली। इसके अलावा शहर की छह अन्य खाद्य इकाइयों में भी स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई।

फूड विभाग ने बुधवार को शहर के होटल, रेस्टोरेंट, भोजनालय, कैंटीन और अन्य खाद्य कारोबारियों के यहां सघन जांच की। फिजियोथैरेपी कॉलेज हॉस्टल की कैंटीन में जांच के दौरान सबसे पहले लाइसेंस और स्वच्छता व्यवस्था में खामियां मिलीं।

कांकरिया-मणिनगर क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट के स्टोर रूम में रखे आंटे के पीपों में जीवित कीड़े पाए गए। सरखेज-मकरबा रोड स्थित एक खाद्य इकाई में एफएसएसएआइ के शेड्यूल-4 के तहत निर्धारित स्वच्छता नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। काम करने वाले कर्मचारियों ने कैप, एप्रन और ग्लव्स नहीं पहने थे। मेडिकल रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट और पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं थी। पिराणा रोड स्थित एक बेकरी में एफएसएसएआइ लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन नहीं मिला। खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग और लेबलिंग के नियमों का भी पालन नहीं किया जा रहा था। यहां अनहाइजीनिक स्थिति पाए जाने पर कार्रवाई की गई।

घी में बी-सिटोस्टेरॉल मौजूद, पनीर के दो नमूने अमानक

माधुपुरा स्थित संतोष घी की दुकान से लिए गए एगमार्क देशी घी के नमूने में बी-सिटोस्टेरॉल की मौजूदगी मिली। विभाग के अनुसार बीटा-सिटोस्टेरॉल मुख्य रूप से वनस्पति तेल और वसा में पाया जाता है। कुबेरनगर स्थित एक डेयरी से पहले लिया गया मीडियम फैट पनीर का नमूना अमानक पाया गया। रखियाल रोड स्थित होटल में लो-फैट पनीर का नमूना भी मानकों पर खरा नहीं उतरा था। इन मामलों में भी विभाग ने कार्रवाई की।

11123 रेस्टोरेंट में किचन पर रहेगी नजर

फूड विभाग के अनुसार खाद्य सुरक्षा को लेकर 11,123 रेस्टोरेंट और फूड बिजनेस ऑपरेटरों को ई-मेल के जरिए निर्देश जारी किए हैं। रेस्टोरेंट के किचन क्षेत्र को कवर करने वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनका लाइव फीड रिसेप्शन अथवा ग्राहकों को दिखाई देने वाली जगह पर प्रदर्शित करने के लिए कहा गया है। इससे ग्राहक रसोई में स्वच्छता की स्थिति देख सकेंगे और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी।

आठ स्कूल कैंटीन भी जांची

मनपा की टीम ने बुधवार को आठ स्कूल कैंटीनों की भी जांच की है। आने वाले दिनों में स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और हॉस्टल कैंटीनों की सघन जांच जारी रहेगी।

फुटपाथ पर कुर्सियों को लगाकर अवरोध पैदा करने पर 13 इकाइयां सील

अहमदाबाद. शहर में सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथ और रोड मार्जिन पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अहमदाबाद महानगरपालिका (मनपा) ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को उत्तर-पश्चिम जोन के एस्टेट विभाग की टीम ने मानसी सर्कल से वस्त्रापुर तालाब की ओर जाने वाले मार्ग पर कार्रवाई करते हुए फुटपाथ और मार्जिन में टेबल-कुर्सियां रखकर ग्राहकों के लिए जगह घेरने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वाली 13 इकाइयों को सील किया गया।

मनपा के एस्टेट विभाग के अनुसार, कार्रवाई के दौरान ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जहां सार्वजनिक उपयोग के लिए निर्धारित फुटपाथ अथवा मार्जिन की जगह का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए कुल 13 इकाइयों को सील किया। वहीं, अतिक्रमण के मामले में 8 इकाइयों से प्रशासनिक शुल्क के रूप में कुल 1.55 लाख रुपए भी वसूले गए।मनपा के मुताबिक इन इकाइयों की ओर से ग्राहकों के बैठने के लिए फुटपाथ और रोड मार्जिन में टेबल-कुर्सियां लगाने से राहगीरों की आवाजाही प्रभावित होती है। इससे सार्वजनिक स्थानों के उपयोग में भी परेशानी होती है।