19 अगस्त 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

भावनगर जिले में नकली शराब पीने से 5 की मौत, 20 प्रभावित

घटना में भावनगर शहर के भरतनगर, अकवाड़ा और तलाजा रोड के साथ-साथ घोघा तहसील के खरकड़ी, खाटड़ी, नाना खोखरा और देवगाना समेत कई इलाकों में लोगों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। इस घटना से हड़कंप मच गया।
2 min read
Google source verification
5 Dead, 20 Affected After Consuming Spurious Liquor in Bhavnagar District

भावनगर अस्पताल में मरीज

एसपी नितेश पांडे ने कहा, नकली शराब का असर : स्टेट मॉनिटरिंग सेल को सौंपी जांच, 13 हिरासत में, प्रभावित लोग अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती

राजकोट. जामनगर. गुजरात के भावनगर जिले में नकली शराब पीने के बाद बुधवार को 5 लोगों की मौत हो गई वहीं 20 अन्य प्रभावित हो गए। प्रभावितों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मृतकों में भावनगर जिले के उपेंद्रसिंह गोहिल, कनकसिंह गोहिल, घनश्यामसिंह जाडेजा, कार्तिक मकवाणा और मध्य प्रदेश के इंदौर के नरेंद्रसिंह यादव शामिल हैं।
इस घटना में भावनगर शहर के भरतनगर, अकवाड़ा और तलाजा रोड के साथ-साथ घोघा तहसील के खरकड़ी, खाटड़ी, नाना खोखरा और देवगाना समेत कई इलाकों में लोगों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। इस घटना से हड़कंप मच गया।
भावनगर के पुलिस अधीक्षक नितेश पांडे ने बताया कि मामला एक ब्रांड की नकली शराब से जुड़ा है। उन्होंने जहरीली शराब की आशंका से इनकार किया है। पुलिस ने नकली शराब की सप्लाई और बिक्री से जुड़े बुटलेगर समेत 13 आरोपियों को हिरासत में लिया है।

उज्जैन से लगाई गई थी 28 पेटी शराब, 15 पेटी जब्त

शुरुआती जांच में सामने आया है कि डुप्लीकेट शराब की 28 पेटियां मध्य प्रदेश के उज्जैन से भावनगर लाई गई थीं। पुलिस ने इनमें से 15 पेटियां जब्त कर ली हैं, जबकि बाकी 13 पेटियों की तलाश की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि नकली शराब की सप्लाई सूरत तक किए जाने की आशंका है। पुलिस अब सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों का पता लगा रही है।

उप मुख्यमंत्री ने ली बैठक

घटना की गंभीरता को देखते हुए राज्य का गृह विभाग तुरंत सक्रिय हो गया। उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री हर्ष संघवी ने मंगलवार देर रात अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद मामले की जांच स्टेट मॉनिटरिंग सेल (एसएमसी) को सौंप दी गई। एसएमसी के पुलिस अधीक्षक मयूर सिंह चावड़ा भी भावनगर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ जांच शुरू की।

खरकड़ी में सात दोस्तों ने की थी पार्टी

बताया जाता है कि जिले की घोघा तहसील के खरकड़ी गांव में 16 अगस्त की रात सात दोस्तों ने साथ में शराब पी थी। इसके बाद उपेंद्रसिंह गोहिल की मौत हो गई। विश्वराजसिंह गोहिल समेत अन्य लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। घटना के बाद गांव में भी दहशत का माहौल है। मृतक कनकसिंह गोहिल के परिजनों के अनुसार उसने मंगलवार रात शराब पी थी। बुधवार को तबीयत बिगड़ने और दम घुटने की शिकायत के बाद पड़ोसी उसे सर टी अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।

20 लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार

प्रांत अधिकारी अक्षर व्यास के अनुसार 20 लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इनमें 12 मरीज भावनगर के सर टी अस्पताल और शेष निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। अधिकारियों के मुताबिक मृतक नरेंद्रसिंह यादव की अहमदाबाद की ट्रैवल हिस्ट्री सामने आई है, इसलिए उनकी मौत का वास्तविक कारण मेडिकल जांच के बाद स्पष्ट होगा।

शराब पी है तो तुरंत अस्पताल पहुंचें

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी ने संदिग्ध या नकली शराब का सेवन किया है और तबीयत में किसी तरह की परेशानी महसूस हो रही है तो बिना देरी किए नजदीकी अस्पताल या मेडिकल सेंटर में उपचार कराएं।