आणंद. साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन की टीम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की टोफेल ऑनलाइन परीक्षा में अनियमितता एवं डमी उम्मीदवार बैठाकर धोखाधड़ी करने वाले रैकेट का पर्दाफाश किया। टीम ने परीक्षा कक्ष से तरुणकांत शर्मा को हिरासत में लिया। वह अहमदाबाद के साउथ मणिनगर का और उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का मूल निवासी है।

आणंद. साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन की टीम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की टोफेल ऑनलाइन परीक्षा में अनियमितता एवं डमी उम्मीदवार बैठाकर धोखाधड़ी करने वाले रैकेट का पर्दाफाश किया। टीम ने परीक्षा कक्ष से तरुणकांत शर्मा को हिरासत में लिया। वह अहमदाबाद के साउथ मणिनगर का और उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का मूल निवासी है।
जानकारी के अनुसार, साइबर क्राइम पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आणंद ग्रिड चौकड़ी के पास स्थित आणंद आर्ट्स कॉलेज की इमारत में छापा मारा। यहां दूसरी मंजिल पर बने दो अलग-अलग कमरों में अनियमित तरीके से टोफेल परीक्षा आयोजित की जा रही थी। परीक्षार्थियों को विदेश जाने के लिए आवश्यक परीक्षा पास करवाने हेतु अवैध तकनीकी व्यवस्था तैयार की गई थी।
टीम ने एक तकनीकी विशेषज्ञ के साथ जांच शुरू की। इस दौरान खुलासा हुआ कि दोनों कमरों के बीच की दीवार में छेद किया गया था और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से एक कमरे की कंप्यूटर स्क्रीन दूसरे कमरे में साझा की जा रही थी।
जांच में यह भी सामने आया कि एक कमरे में डमी व्यक्ति बैठाकर वास्तविक परीक्षार्थियों की जगह परीक्षा दिलाई जा रही थी। पुलिस ने परीक्षा कक्ष से तरुणकांत शर्मा को हिरासत में लिया। उसकी तलाशी के दौरान मोबाइल सहित अन्य सामान जब्त किया गया।
इसके अलावा दोनों कमरों से बड़ी मात्रा में कंप्यूटर उपकरण, मॉनिटर, सीपीयू, कीबोर्ड, माउस, वेबकैम, हेडफोन, नेटवर्किंग उपकरण, राउटर, स्विच, डीवीआर तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री सहित कुल 3.78 लाख रुपए का मुद्दामाल जब्त किया गया।
जांच में सामने आया कि यह पूरी अवैध गतिविधि एक सुनियोजित साजिश के तहत संचालित की जा रही थी, जिसके माध्यम से परीक्षार्थियों को अनियमित तरीके से परीक्षा पास कराने में मदद की जाती थी।
जांच में यह भी पता चला कि तरुणकुमार के सहयोगी सुनील बुंदेला के कहने पर हर्षद रावल ने आणंद आर्ट्स कॉलेज की दूसरी मंजिल पर कमरे किराए पर लिए थे। ये दोनों भी अहमदाबाद के निवासी हैं। इन लोगों ने टोफेल परीक्षा देने आने वाले परीक्षार्थियों के लिए टेस्ट लैब और स्पोर्ट्स रूम के बीच की साझा दीवार में गुप्त रूप से छेद किया था।