22 अक्टूबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

यात्रियों ने मांगा जनरल टिकट वालों के लिए अलग वेटिंग रूम, अहमदाबाद स्टेशन पर ‘रेल जन संवाद’

अहमदाबाद. विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को आयोजित ‘रेल जन संवाद’ में यात्रियों ने प्रतीक्षालय, स्वच्छता और पेयजल सहित विभिन्न सुविधाओं में सुधार के सुझाव दिए। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वेद प्रकाश ने यात्रियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और अपेक्षाएं जानीं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अहमदाबाद

•

image

Rajesh Bhatnagar

•

Updated: 22 Oct 2026, 9:30 PM IST

Passengers Request Separate Waiting Room for General Ticket Holders

अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर एक कैंसर पीडि़त यात्री से समस्याएं जानते मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश।

अहमदाबाद. विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को आयोजित ‘रेल जन संवाद’ में यात्रियों ने प्रतीक्षालय, स्वच्छता और पेयजल सहित विभिन्न सुविधाओं में सुधार के सुझाव दिए। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वेद प्रकाश ने यात्रियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और अपेक्षाएं जानीं।
संवाद के दौरान मध्य प्रदेश के नागदा से कैंसर का इलाज कराने आए एक यात्री ने सामान्य टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अलग प्रतीक्षालय बनाने की जरूरत बताई। एक अन्य यात्री ने प्लेटफॉर्म संख्या 3 और 4 पर स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के साथ शीतल पेयजल और हाथ धोने की सुविधाएं अधिक सुलभ बनाने का सुझाव दिया।
एसी प्रतीक्षालय में देर रात ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों ने बैठने और आराम करने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराने की मांग की। एक यात्री ने एसी प्रतीक्षालय में पंजाबी भोजन और सामान सुरक्षित रखने के लिए लॉकर की सुविधा उपलब्ध कराने का सुझाव भी दिया।

सुझावों पर प्राथमिकता से होगी कार्रवाई : डीआरएम

डीआरएम वेद प्रकाश ने स्टेशन परिसर के बाहर ऑटो चालकों से भी बातचीत की। इस दौरान उनसे पार्किंग व्यवस्था, वाहन संचालन और रोजमर्रा की कार्यप्रणाली से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली गई। मीडिया से बातचीत में डीआरएम ने बताया कि रेल जन संवाद में मिले सुझावों और समस्याओं को उनकी प्रकृति एवं प्राथमिकता के आधार पर वर्गीकृत किया जाएगा। जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव है, उन पर प्राथमिकता से कार्रवाई होगी। मध्यम और दीर्घकालीन जरूरतों के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाएगी। आधारभूत संरचना से जुड़े सुझावों को भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ाया जाएगा।

मंडल के 107 स्टेशनों पर हुआ संवाद

अहमदाबाद मंडल के 107 स्टेशनों पर रेल जन संवाद आयोजित किया गया। इनमें 39 प्रमुख स्टेशनों पर वरिष्ठ अधिकारियों ने यात्रियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली। अन्य स्टेशनों पर स्टेशन अधीक्षकों और स्टेशन मास्टरों ने यात्रियों से संवाद किया। ट्रेनों में भी यात्रियों से यात्रा संबंधी अनुभव और सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया गया।