
शामलाजी. अरवल्ली जिला पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम ने धनसुरा पुलिस थाना क्षेत्र के नवी शिणोल गांव की सीमा में कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की हेराफेरी का खुलासा किया।
जिला पुलिस अधीक्षक मनोहरसिंह जाडेजा ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि सोमवार रात को संदिग्ध जीप को रोकने के प्रयास के दौरान चालक ने पुलिस वाहन को टक्कर मार दी और पिस्तौल निकालकर पुलिस टीम पर हमला करने का प्रयास किया। आत्मरक्षा में एसओजी के पुलिस निरीक्षक (पीआइ) पी.बी. चौधरी ने दो राउंड फायर किए। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार दोनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर फरार हो गए।
जाडेजा के मार्गदर्शन में पीआइ चौधरी, पीएसआइ ए.एच. राठौड़, टीम और क्यूआरटी जवान नवी शिणोल गांव की सीमा में रात की पेट्रोलिंग और नाकाबंदी कर रहे थे। इसी दौरान शीका रोड की ओर से आ रही जीप को रोकने का प्रयास किया गया।
चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज गति से किशोरपुरा चौकड़ी की ओर भागना शुरू कर दिया। पुलिस टीम ने सरकारी वाहनों से पीछा किया। आगे नाकाबंदी होने पर चालक ने स्कॉर्पियो को मोड़ दिया और सामने से आ रहे पुलिस वाहन को कथित तौर पर जानबूझकर टक्कर मारी। टक्कर के बाद जीप सड़क से नीचे उतर गई।
जाडेजा के अनुसार, वाहन रुकने के बाद चालक ने पिस्तौल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग का प्रयास किया। इसके बाद पीआइ चौधरी ने आत्मरक्षा में दो राउंड फायर किए। पुलिस कार्रवाई के बाद जीप को मौके पर छोड़कर दोनों आरोपी अंधेरे में खेतों की ओर भाग निकले।
जीप की तलाशी लेने पर 16 बोरियों में भरा 278.77 किलो पोस्तदाना बरामद हुआ, इसकी कीमत 41.81 लाख रुपए बताई गई। इसके अलावा एक मैगजीन, दो कारतूस और अलग-अलग नंबर वाली नंबर प्लेटें भी मिलीं। पुलिस ने पोस्तदाना, जीप, मोबाइल समेत कुल 50.01 लाख रुपए का मुद्दामाल बरामद किया। दोनों फरार आरोपियों की तलाश में नाकाबंदी कर कार्रवाई शुरू की गई।