अहमदाबाद

अंबाजी कॉरिडोर के विकास कार्य में महाकालेश्वर शिव मंदिर ध्वस्त

अंबाजी. शक्तिपीठ अंबाजी में कॉरिडोर समेत विभिन्न विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। इन कार्यों के तहत सरकारी रेस्ट हाउस के पास स्थित प्राचीन महाकालेश्वर शिव मंदिर को ध्वस्त कर दिया गया।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 10:19 PM IST
Mahakaleshwar Shiva Temple Demolished for Ambaji Corridor Development Project
अंबाजी में प्राचीन महाकालेश्वर शिव मंदिर को ध्वस्त करते हुए।

अंबाजी. शक्तिपीठ अंबाजी में कॉरिडोर समेत विभिन्न विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। इन कार्यों के तहत सरकारी रेस्ट हाउस के पास स्थित प्राचीन महाकालेश्वर शिव मंदिर को ध्वस्त कर दिया गया।
मंदिर में स्थापित शिवलिंग को प्राचीन माना जाता है। करीब 20 साल पहले इस मंदिर का जीर्णोद्धार भी कराया गया था। हालांकि, अंबाजी में चल रहे विकास कार्यों में बाधा बनने के चलते इसे हटाने का निर्णय किया गया।
खास बात यह रही कि मंदिर को तोड़ने से पहले वहां स्थापित प्राचीन शिवलिंग और अन्य मूर्तियों को विधि-विधान से बाहर निकालने के लिए लगातार आठ दिनों तक धार्मिक अनुष्ठान किए गए। अनुष्ठान पूरे होने के बाद शिवलिंग और अन्य मूर्तियों को विधिवत बाहर निकाला गया। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से मंदिर को ध्वस्त कर दिया गया।
फिलहाल शिवलिंग और अन्य मूर्तियों को पुराने शिव मंदिर के पास रखा गया है, जहां नियमित पूजा-अर्चना की जा रही है। इसके अलावा कुंभ में पंचतत्वों को स्थापित कर उनकी आरती और धार्मिक अनुष्ठान भी किए जा रहे हैं।

शास्त्रों के अनुसार की गईं धार्मिक रस्में

अंबाजी के अतिरिक्त जिला कलक्टर कौशिक मोदी ने बताया कि महाकालेश्वर मंदिर को हटाने से पहले शास्त्रों के अनुसार सभी धार्मिक रस्में पूरी की गईं। शिवलिंग और अन्य मूर्तियों को विधिवत बाहर निकालने के बाद फिलहाल पुराने शिव मंदिर के पास रखा गया है, जहां नियमित पूजा हो रही है। कुंभ में पंचतत्वों को भी स्थापित किया गया है और उनकी आरती की जा रही है।
वहीं, महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी रमेश गोस्वामी ने बताया कि मंदिर हटाने से पहले प्रशासन की ओर से उनकी सहमति ली गई थी। उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि मंदिर के शिवलिंग और अन्य मूर्तियों को किसी दूसरी उपयुक्त जगह पर फिर से स्थापित किया जाएगा। इसी आश्वासन के बाद उन्होंने मंदिर हटाने पर सहमति दी थी।

दूसरी जगह मंदिर बनाकर हो पुनर्स्थापना

महाकालेश्वर मंदिर को हटाए जाने के बाद अब मंदिर ट्रस्ट की ओर से मांग की गई है कि किसी उपयुक्त स्थान पर नए मंदिर का निर्माण कर प्राचीन शिवलिंग की शास्त्रों के अनुसार पुनर्स्थापना की जाए। अंबाजी में कॉरिडोर और अन्य विकास कार्यों के बीच अब श्रद्धालुओं की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि प्राचीन महाकालेश्वर शिवलिंग को कब और किस स्थान पर दोबारा स्थापित किया जाता है।

Updated on:
28 Nov 2026, 10:19 PM IST
Published on: