अहमदाबाद

मनरेगा घोटाले में मंत्री पुत्र बलवंत खाबड़ को फिर से पकड़ा

Feature image

एक केस में जमानत मिलने के तीन दिन बाद दूसरे केस में गिरफ्तारी, दाहोद की धानपुर तहसील में वित्तीय अनियमितता से जुड़ी तीसरी प्राथमिकी दर्ज होने के बाद कार्रवाई

दाहोद. जिले में मनरेगा घोटाले में पंचायत राज्यमंत्री बचू खाबड़ के पुत्र बलवंत खाबड़ को रविवार को पुलिस ने फिर से पकड़ा। एक केस में जमानत मिलने के तीन दिन बाद पुलिस ने दूसरे केस में गिरफ्तारी की है। दाहोद जिले की धानपुर तहसील में वित्तीय अनियमितता से जुड़ी तीसरी प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
दाहोद के पुलिस उपाधीक्षक जगदीशसिंह भंडारी ने बताया कि जिला ग्राम विकास एजेंसी (डीआरडीए) की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के बाद रविवार सुबह बलवंत खाबड़ को फिर से गिरफ्तार किया है। नया मामला करीब 33 लाख रुपए की वित्तीय अनियमितता का है। धानपुर तहसील के भानपुर गांव में करीब 11 अधूरे मनरेगा कार्य पाए गए। भंडारी ने बताया कि मोडस ऑपरेंडी वही है। एजेंसियां अनधिकृत थीं, क्योंकि उन्होंने निविदा प्रक्रिया में भाग नहीं लिया और प्रोजेक्ट शुरू ही नहीं हुए तो सामग्री आपूर्ति के लिए बिल बनाए।
दाहोद सत्र अदालत की ओर से दोनों भाइयों - किरण और बलवंत खाबड़ को 71 करोड़ रुपए के कथित मनरेगा घोटाले के संबंध में डीआरडीए की ओर से दर्ज पहले मामले में गुरुवार को जमानत दी गई थी।
किरण खाबड़ को गुरुवार को न्यायिक हिरासत से रिहा होने के कुछ ही मिनटों बाद फिर से गिरफ्तार कर लिया गया था। उसे सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। मनरेगा घोटाले में पहली शिकायत 24 अप्रेल को दाहोद डीआरडीए निदेशक ने दर्ज करवाई थी। इस मामले में 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया। किरण और बलवंत खाबड ऐसे आरोपी हैं जिन्हें अब तक एक से अधिक मामलों मेें गिरफ्तार किया गया। देवगढ़ बारिया तहसील के लवारिया गांव में अनियमितताओं के संबंध में दर्ज दूसरी शिकायत दर्ज की गई थी।

Updated on:
01 Jun 2025 10:44 pm
Published on:
01 Jun 2025 10:44 pm