
जामनगर. देवभूमि द्वारका जिले में भगवान द्वारकाधीश की नगरी द्वारका में 79.54 करोड़ रुपए से 4.49 किलोमीटर लंबा आधुनिक आधुनिक फोरलेन बायपास बनाया जाएगा। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या और वाहनों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए शहर की ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए राज्य सरकार द्वारा महत्वपूर्ण योजना तैयार की गई है।
इस मार्ग का निर्माण आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक डिजाइन के साथ किया जाएगा। धार्मिक नगरी द्वारका की पहचान और गरिमा के अनुरूप इसे भव्य एवं आइकोनिक रोड के रूप में विकसित करने की योजना है। इसके लिए 131.76 करोड़ रुपए की प्रशासनिक एवं तकनीकी मंजूरी दी गई है, जबकि डीटीपी खर्च 94.94 करोड़ रुपए निर्धारित किया गया। अहमदाबाद की कंपनी को निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एजेंसी द्वारा अनुमानित लागत से 16.22 प्रतिशत कम दर पर टेंडर प्रस्तुत किए जाने के बाद 79.54 करोड़ रुपए की लागत से काम शुरू किया गया है। पूरे बायपास रोड का निर्माण कार्य 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बायपास रोड की खासियत यह होगी कि इसमें यातायात की सुविधा के साथ सड़क की गुणवत्ता, सुंदरता और सुरक्षा को भी विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। सड़क के दोनों ओर बारिश के पानी की निकासी के लिए आधुनिक स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम बनाया जाएगा। इसके अलावा सड़क का निर्माण सीमेंट कंक्रीट (सीसी) पद्धति से किया जाएगा। वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड, रोड मार्किंग, लेन लाइन, जेब्रा क्रॉसिंग, मेटल क्रैश बैरियर, सेफ्टी रेलिंग, कैट आईज, डेलिनेटर और स्पीड वार्निंग साइन आदि आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। बायपास रोड की सुंदरता बढ़ाने के लिए सड़क के दोनों ओर ग्रीन बेल्ट, लैंडस्केपिंग, मीडियन डेवलपमेंट और सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जाएगा।
द्वारका के विधायक पबुभा माणेक ने इस बायपास रोड के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। इस बायपास रोड के निर्माण से शहर में वाहनों का दबाव कम होगा और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।