15 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Ahmedabad: जिस पिता की उंगली थामकर चलना सीखा, उसी को तीन मासूमों ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई, पत्नी ने किया अंगदान

Ahmedabad Organ Donation: अहमदाबाद में सड़क हादसे के बाद ब्रेनडेड घोषित 52 वर्षीय व्यक्ति के अंगों का पत्नी ने दान किया। एक लिवर, दिल और दो किडनी के दान से चार मरीजों को नया जीवन मिलने की उम्मीद है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अहमदाबाद

•

image

Rakesh Mishra

•

Updated: 15 Nov 2026, 7:34 PM IST

Gujarat Organ Donation

अंतिम विदाई देते परिजन। फोटो- पत्रिका

Brain Death Case: सड़क हादसे में पति को खोने के गहरे दुख के बीच पत्नी ने ऐसा फैसला लिया, जिससे चार जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिलने की उम्मीद जगी है। पति को ब्रेनडेड घोषित किए जाने के बाद पत्नी ने उनके अंगों का दान करने की सहमति दी। इस फैसले से एक लिवर, दो किडनी और दिल जरूरतमंद मरीजों को प्रत्यारोपण के लिए उपलब्ध हुए। इसके अलावा दोनों आंखों का भी दान किया गया। जिस परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, उसी परिवार के इस फैसले से कई दूसरे परिवारों को नई उम्मीद मिली है।

सड़क हादसे में आईं गंभीर चोटें

मूल रूप से बिहार निवासी और अहमदाबाद में रहने वाले 52 वर्षीय व्यक्ति को सड़क हादसे में सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। उन्हें 8 नवंबर को अहमदाबाद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की टीम ने उन्हें बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि उन्हें ब्रेनडेड घोषित कर दिया गया। इसके बाद अस्पताल की काउंसलिंग टीम और चिकित्सकों ने उनकी पत्नी को ब्रेनडेड होने की स्थिति और अंगदान के महत्व के बारे में समझाया। पति को खोने के सदमे के बीच पत्नी ने हिम्मत दिखाई और उनके अंगों के दान के लिए लिखित सहमति दे दी। इसके बाद अस्पताल में अंगदान की प्रक्रिया पूरी की गई।

तीन छोटे बच्चों ने दी पिता को अंतिम विदाई

सबसे भावुक पल वह था, जब मृतक के तीन छोटे बच्चे अपने पिता को अंतिम विदाई देने के लिए अस्पताल में मौजूद थे। जिस उम्र में बच्चों को पिता के साथ की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, उसी उम्र में उनके सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार के लिए यह अपूरणीय क्षति है, लेकिन पिता के अंगदान से दूसरे लोगों को जीवन मिलने की संभावना ने इस दुख के बीच उम्मीद की एक किरण जगाई है।

सिविल मेडिसिटी में होंगे अंग प्रत्यारोपण

अंगदान से प्राप्त एक लिवर और दोनों किडनी को प्रत्यारोपण के लिए सिविल मेडिसिटी परिसर स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ किडनी डिजिज एंड रिसर्च सेंटर (आइकेडीआरसी) भेजा गया। वहीं दिल को यूएन मेहता अस्पताल भेजा गया। दोनों आंखों का भी दान किया गया है। अहमदाबाद सिविल अस्पताल में अब तक 261 ब्रेनडेड मरीजों के अंगों का दान हो चुका है। इस मामले में पत्नी की सहमति से हुए अंगदान ने एक बार फिर साबित किया कि किसी की जिंदगी बचाने के लिए लिया गया फैसला कई परिवारों के लिए उम्मीद बन सकता है।