एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देशों के बाद राज्यभर में खाद्य सुरक्षा से जुड़ी जांच तेज की गई है। इसी कड़ी में सह आयुक्त संजय शिंदे के नेतृत्व में एफडीए की टीम ने दिवाली के दौरान महाबलेश्वर के होटलों में अचानक जांच की। टीम ने अलग-अलग होटलों की रसोई और रेस्तरां का निरीक्षण किया। इस दौरान तीन होटलों में सफाई से जुड़ी गंभीर खामियां मिलीं, जबकि पांच अन्य होटलों में भी स्वच्छता नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। जिन तीन होटलों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उनमें महाबलेश्वर स्थित होटल इवरशाइन, क्षेत्र महाबलेश्वर स्थित होटल रामसुख और नाकिंदा स्थित होटल ब्राइटलैंड शामिल हैं। इन तीनों होटलों के खाद्य बिक्री लाइसेंस कुछ दिनों के लिए निलंबित कर दिए गए हैं। इसके चलते संबंधित होटलों के रेस्तरां में खाद्य पदार्थों की बिक्री बंद करनी पड़ी है।