15 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

​​​​​Gujarat Crime: ‘मुझे जानता नहीं है, तेरी नौकरी खा जाऊंगा…’ राजस्थान नंबर की कार सवारों ने 3 जवानों को जड़ दिए थप्पड़

Rajkot Gondal Highway: राजकोट-गोंडल हाईवे पर चालान बनाने की बात पर राजस्थान नंबर की कार सवारों ने पुलिसकर्मियों से मारपीट की। आरोपियों ने तीन टीआरबी जवानों को थप्पड़ मारे और पुलिसकर्मियों को नौकरी से निकलवाने की धमकी दी।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अहमदाबाद

•

image

Rakesh Mishra

•

Updated: 15 Nov 2026, 6:43 PM IST

​​​​​Gujarat Crime

जवानों से उलझते हुए। फोटो- पत्रिका

TRB Personnel Assault: राजकोट-गोंडल हाईवे पर वाहन चेकिंग के दौरान चालान बनाने की बात पर राजस्थान नंबर की कार में सवार लोगों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि सात लोगों ने पुलिसकर्मियों से मारपीट की, तीन टीआरबी जवानों को थप्पड़ मारे और पुलिसकर्मियों को नौकरी से निकलवाने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।

कार को जांच के लिए रोका

पुलिस के अनुसार राजकोट शहर ट्रैफिक शाखा के कांस्टेबल मुन्नाभाई मकवाणा सहित पुलिसकर्मी और टीआरबी जवान ढोलरा गांव के पाटिया के पास ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान गोंडल की तरफ से राजकोट आ रही सफेद रंग की राजस्थान नंबर की कार को जांच के लिए रोका गया। जांच में गाड़ी के शीशों पर काली फिल्म, क्षमता से अधिक सवारियां और चालक के सीट बेल्ट नहीं लगाने जैसी अनियमितताएं मिलीं। पुलिसकर्मियों ने वाहन के दस्तावेज मांगे और यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान भरने को कहा।

चालान भरने से इनकार किया

इस पर चालक नाराज हो गया। उसने अपना भाई वकील होने की बात कहते हुए चालान भरने से इनकार कर दिया। आरोप है कि कांस्टेबल मुन्नाभाई मकवाणा की नेमप्लेट पर उपनाम देखकर चालक ने जाति को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की। इसके बाद कार में सवार अन्य पुरुष और महिलाएं भी नीचे उतर आए और पुलिसकर्मियों से बहस करने लगे। एक व्यक्ति ने कार सड़क के बीच में खड़ी कर दी, जिससे हाईवे पर यातायात बाधित हो गया।

पुलिसकर्मियों को धमकाया

शिकायत के मुताबिक कार सवार लोगों ने खुद को बड़ा पदाधिकारी बताते हुए पुलिसकर्मियों को धमकाया। उन्होंने कहा कि वे उनकी नौकरी खा जाएंगे और अभी वे उन्हें जानते नहीं हैं। इसके बाद विवाद बढ़ गया और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी गई। इस दौरान टीआरबी जवान रफीकभाई चवाण, हसनभाई सैयद और दीपक को गाल पर थप्पड़ मारे गए। मारपीट में पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फट गई। घटना की सूचना मिलने पर ट्रैफिक कंट्रोल रूम और क्षेत्र के प्रभारी पीएसआई एलके सोढातर मौके पर पहुंचे। इसके बाद 112 की टीम भी वहां पहुंची और हाईवे पर यातायात व्यवस्था संभाली।

सात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज

इस मामले में कांस्टेबल मुन्नाभाई मकवाणा ने कार चालक उमेशभाई, पार्वतीबेन, खुशिबेन, श्वेतलबेन सहित सात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में सरकारी कर्मचारियों के काम में बाधा डालने, धमकी देने, मारपीट करने, जाति को लेकर अपमानित करने और सार्वजनिक मार्ग पर यातायात बाधित करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।