
Ahmedabad. गुजरात में मानसून का जोर बरकरार है। शनिवार सुबह से शाम तक सौराष्ट्र क्षेत्र में भारी बारिश हुई। सुबह छह बजे से शाम चार बजे तक महज 10 घंटे में सर्वाधिक 8.31 इंच बारिश मोरबी तहसील में दर्ज की गई। सुरेन्द्रनगर जिले की ध्रांगध्रा तहसील में 6.93 इंच, मोरबी जिले की टंकारा में 6.73 इंच, हलवद तहसील में 6.30 इंच और सुरेन्द्रनगर की वढवाण तहसील में 6.18 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई। सबसे ज्यादा बारिश वाले टॉप 12 तहसीलों में मोरबी और सुरेन्द्रनगर जिले की आठ तहसीलें हैं। इतनी बारिश होने से इन दोनों जिलों में जनजीवन भी प्रभावित हुआ। निचले इलाकों में जल भराव की स्थिति हो गई, सड़कों पर पानी भर गया और कई बांध ओवरफ्लो हो गए। नदी, नाले भी उफान मार रहे हैं।
बीते 24 घंटें की बारिश की बात करें तो राज्य की 255 तहसीलों में बारिश दर्ज की गई। सूरत की अंबिका तहसील में 22.24 इंच, तापी की डोलवन में 16.73 इंच, खेड़ा जिले की वसो में 16.38 इंच, नवसारी की वांसदा में 16.26 इंच और खेड़ा जिले की नडियाद तहसील में 13.43 इंच बरसात हुई। शनिवार को इन तहसीलों में बारिश का सिलसिला धीमा रहा।
मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी को देखते हुए राज्य सरकार ने अहमदाबाद, सुरेन्द्रनगर, राजकोट, भावनगर, मोरबी और बोटाद समेत छह जिलों में मध्यरात्रि तक बारिश का रेड अलर्ट बरकरार रखा है। अन्य 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित है।
अहमदाबाद. राज्य में लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य के बांधों में पानी की अच्छी आवक हो रही है। शनिवार शाम चार बजे तक राज्य के 206 बांधों में से 20 बांध शत-प्रतिशत भर चुके हैं, जबकि 30 बांध हाई अलर्ट, 8 अलर्ट और 11 बांध वार्निंग श्रेणी में पहुंच गए हैं। राज्य का सबसे बड़ा नर्मदा बांध 75 फीसदी से ज्यादा भर गया है। इसमें 98 हजार क्यूसेक पानी की आवक हो रही है, जबिक 635 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
मोरबी जिले में शनिवार सुबह से ही अच्छी बारिश होने के चलते मच्छू-2 बांध लबालब हो गया। ऐसे में बांध के 10 गेट खोले गए हैं। प्रभाव क्षेत्र वाले गांवों को अलर्ट किया है।इसी प्रकार से सुरेन्द्रनगर जिले में भारी बारिश होने के चलते नायका बांध भी पूरी तरह से भर गया। उसके भी 10 दरवाजे 1.82 मीटर तक खोले गए हैं। इसके अलावा सुखी, करजण, दमणगंगा, शेत्रुंजी बांध से भी पानी छोड़ा जा रहा है।
सुरेन्द्रनगर जिले में भारी बारिश के चलते वढवाण तहसील के केराला गांव में तेज बहाव के बीच फंसे एक ही परिवार के तीन सदस्यों को दमकल विभाग की टीम ने रेस्क्यू किया। इनमें एक पुरुष, एक महिला और एक मासूम बच्चा शामिल है।