अहमदाबाद

Ahmedabad: शहर में 85 कमर्शियल गरबों को पुलिस ने दी मंजूरी

-शेरियों, मोहल्लों में 1300 गरबा आयोजन, 1600 बॉडीवॉर्न कैमरे, 4400 सीसीटीवी कैमरों से रखी जाएगी नजर -गरबा स्थलों पर लगने वाले एआइ आधारित कैमरों से भीड़ प्रबंधन करेगी पुलिस -छेड़छाड़ करने वालों पर शी टीमें रखेंगी नजर, पीएसआइ से लेकर आइजी स्तर के 500 अधिकारियों के सुपरविजन में 14 हजार जवान रहेंगे तैनात, एसआरपीएफ की तीन कंपनियों की भी तैनाती
2 min read
Ahmedabad police
गरबा स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा पर नजर रखने को गठित शी टीम की सदस्यों से जे.डी.नागरवाला स्टेडियम में संवाद करते शहर पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत।

Ahmedabad. शहर सहित राज्यभर में 11 अक्टूबर से नवरात्रि पर्व शुरू हो रहा है। इस वर्ष शहर में 84 कमर्शियल गरबों को पुलिस की ओर से मंजूरी दी गई है। शेरी, मोहल्लों में 1300 गरबा आयोजन को स्वीकृति दी गई है।

शहर पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि गरबों का आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में हो इसके लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। पुलिस उपनिरीक्षक (पीएसआइ) से लेकर संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी) स्तर तक के 500 अधिकारियों के सुपरविजन में 14 हजार पुलिस कर्मचारी गरबा स्थलों और शहर की सुरक्षा में तैनात रहेंगे। एसआरपीएफ की भी तीन कंपनियों की तैनाती रहेगी। शहर में जहां हर दिन करीब पांच हजार व उससे ज्यादा लोग गरबा खेलने पहुंचते हैं, ऐसे 84 कमर्शियल गरबों को इस वर्ष मंजूरी दी है। साथ ही 1300 शेरी, गली और मोहल्लों के गरबा आयोजन को हरी झंडी दी है। इनका आयोजन बेहतर तरीके से हो इसके लिए मोहल्ला समिति की 50 से ज्यादा बैठकें की जा चुकी हैं।

सीसीटीवी कैमरों की रहेगी पैनी नजर

पुलिस आयुक्त ने कहा कि गरबा स्थल से लेकर शहर के प्रवेश और निकास क्षेत्रों व अहम क्षेत्रों पर सीसीटीवी कैमरों की पैनी नजर रहेगी। इसके लिए शहर में लगे 4400 सीसीटीवी कैमरों के अलावा गरबा स्थलों पर किसी प्रकार की अनिच्छनीय घटना ना हो, गरबा खेलने जाते और लौटते समय कोई घटना ना हो उसके लिए 1600 बॉडीवॉर्न कैमरों के साथ पुलिस जवान जगह जगह तैनात रहेंगे। गरबा स्थलों पर इस साल विशेष रूप से एआइ तकनीक आधारित सीसीटीवी कैमरे लगवाए जा रहे हैं। इसकी मदद से न सिर्फ सुरक्षा पर नजर रखी जाएगी बल्कि भीड़ प्रबंधन भी किया जाएगा।

छेड़छाड़ करने वालों को सबक सिखाएगी शी टीम

गरबा खेलते समय युवतियों, महिलाओं के साथ कोई बदसलूकी ना करे, छेड़छाड ना करे उसका ध्यान रखा जाएगा। ऐसे लोगों पर कार्रवाई करने के लिए शहर पुलिस की 49 शी टीमों की महिला सदस्य ट्रेडिशनल ड्रेस में और वर्दी में तैनात रहेंगी। इसके साथ-साथ साइबर रक्षिका की टीम सोशल मीडिया युवतियों, महिलाओं की आपत्तिजनक फोटो, वीडियो वायरल करने वालों पर नजर रखेगी। हर थाने में एक क्यूआरटी टीम भी बनाई गई है। यह इमरजेंसी मामलों पर कार्रवाई करने के लिए तैयार रहेगी। 60 पुलिस वाहन भी अलर्ट मोड पर रहेंगे। हर दिन 600 पुलिस की मोबाइल गश्त पर रहेंगी।

नशा करने वालों पर कार्रवाई करेगी एसओजी टीम

नशा करके निकलने वाले लोगों पर कार्रवाई करने के लिए ब्रेथ एनलाइजर और ड्रग्स डिटेक्शन किट के साथ एसओजी और एलसीबी व क्राइम ब्रांच की टीमें तैनात रहेंगी।

शहर में घूमेंगी 20 क्रेनें

पुलिस आयुक्त ने कहा कि गरबा स्थलों की तय पार्किंग में ही वाहन पार्क करें जिससे ट्रैफिक ना हो। इधर उधर रोड पर पार्क होने वाले वाहनों को उठाने के लिए 20 क्रेनें कार्यरत रहेंगी।

Updated on:
09 Oct 2026 10:49 pm
Published on:
09 Oct 2026 10:49 pm