जामनगर के आयुर्वेद संस्थान ने ने वेस्टर्न सिडनी विवि से किया एमओयू
जामनगर. जामनगर स्थित राष्ट्रीय महत्व के आयुर्वेद शिक्षा और अनुसंधान संस्थान (आईटीआरए) ने आस्टे्रलिया की वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए। एमओयू के तहत अब भारतीय मूल का आयुर्वेद पूरे ऑस्ट्रेलिया देश में फैलेगा।
जामनगर के आयुर्वेद संस्थान में ऑस्ट्रेलिया की यूनिवर्सिटी से किए गए समझौते से ऑस्ट्रेलिया के छात्रों को उनके ही देश में आयुर्वेद शिक्षा पद्धति के अध्ययन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे ऑस्ट्रेलिया के लोगों को भी आयुर्वेद उपचार प्रणाली का लाभ मिलेगा।
यह एम.ओ.यू. होने से ऑस्ट्रेलिया में आयुर्वेद में अकादमिक और सहयोगी अनुसंधान गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। इनमें हर्बल दवा और योग शामिल हैं, साथ ही शैक्षिक माध्यमों और लघु-से-मध्यम अवधि के पाठ्यक्रम व शैक्षिक दिशानिर्देश भी शामिल होंगे।
ऑस्ट्रेलिया में नियामक ढांचे के भीतर आयुर्वेद से संबंधित शिक्षा, अनुसंधान और नीति विकास में उत्कृष्टता को प्रदर्शित करने और बढ़ावा देने के लिए अकादमिक नेतृत्व प्रदान किया जाएगा। पारंपरिक स्वास्थ्य देखभाल में स्वास्थ्य आधारित आयुर्वेदिक चिकित्सा के अनुवाद और एकीकरण को बढ़ावा देने के लिए रणनीति विकसित की जाएगी।
आईटीआरए के निदेशक वैद्य अनूप ठाकर और यूनिवर्सिटी के चांसलर प्रो. बार्नी ग्लोवर ने समझौता ज्ञापन पत्र पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर आईटीआरए के डीन ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज प्रो. मनदीप गोयल और यूनिवर्सिटी के डेनिस चेंज मौजूद रहे।