Ahmedabad. गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (जीएमआरसी) ने आइसीसी पुरुष टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 के डे नाइट मैचों को देखते हुए अहमदाबाद और गांधीनगर में मेट्रो सेवा का समय बढ़ाने का निर्णय किया है। शहर के मोटेरा स्थित नरेन्द्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में 9, 11, 14, 18, 22, 26 फरवरी को होने वाले मैचों के […]
Ahmedabad. गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (जीएमआरसी) ने आइसीसी पुरुष टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 के डे नाइट मैचों को देखते हुए अहमदाबाद और गांधीनगर में मेट्रो सेवा का समय बढ़ाने का निर्णय किया है। शहर के मोटेरा स्थित नरेन्द्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में 9, 11, 14, 18, 22, 26 फरवरी को होने वाले मैचों के चलते मध्यरात्रि बाद 12:50 बजे तक मेट्रो ट्रेन की सेवा जारी रखने की घोषणा की है। यदि विश्व कप का फाइनल मैच अहमदाबाद में 8 मार्च को होता है, तो उस दिन भी मध्यरात्रि बाद तक मेट्रो ट्रेन की सेवा जारी रखी जाएगी।
सामान्य दिनों में अहमदाबाद मेट्रो सुबह 6:20 बजे से रात 10 बजे तक और गांधीनगर कॉरिडोर (मोटेरा से महात्मा मंदिर) पर सुबह 7:30 बजे से रात 7:40 बजे तक चलती है। हालांकि क्रिकेट मैच वाले दिनों में विशेष सेवाएं चलाई जाएंगी।
मोटेरा स्टेडियम से एपीएमसी वासणा तक रात 10 बजे से 12:30 बजे तक, ओल्ड हाइ कोर्ट इंटरचेंज से वस्त्राल गाम और थलतेज गाम स्टेशन तक रात 10 बजे से मध्यरात्रि बाद 12:50 बजे तक मेट्रो ट्रेनें चलेंगी।
गांधीनगर कॉरिडोर पर मोटेरा से महात्मा मंदिर तक मध्यरात्रि बाद पहली बारर मेट्रो ट्रेन 9 फरवरी से मैच वाले दिन में दौड़ाई जाएगी। जीएमआरसी ने दो अतिरिक्त फेरे जिसमें पहला रात 11:40 बजे और दूसरा मध्यरात्रि बाद 12:10 बजे मोटेरा से चलाने की घोषणा की है।
यात्रियों को मेट्रो की इस सुविधा के लिए जीएमआरसी ने स्पेशल पेपर टिकट जारी किया है। इसका किराया प्रति व्यक्ति 50 रुपए है। यह टिकट मोटेरा और साबरमती स्टेशन से किसी भी परिचालन स्टेशन तक यात्रा के लिए मान्य होगा। रात 10 बजे के बाद सामान्य टोकन, स्मार्ट कार्ड, एनसीएमसी कार्ड या क्यूआर टिकट मान्य नहीं होंगे। केवल स्पेशल पेपर टिकट से ही स्टेशन में प्रवेश मिलेगा।
स्पेशल पेपर टिकट मैच वाले दिन यात्रा से कई घंटों पहले से अहमदाबाद और गांधीनगर के प्रमुख स्टेशनों-निरांत क्रॉस रोड, एपेरल पार्क, कालूपुर, ओल्ड हाइ कोर्ट, थलतेज, मोटेरा, साबरमती, राणीप, वाडज, जीवराज पार्क, गांधीनगर में जीएनएलयू, इन्फोसिटी, सेक्टर-1 और महात्मा मंदिर स्टेशन से खरीदा जा सकेगा।