अहमदाबाद

धार्मिक उत्सव में सेव-खमणी की दावत से 60 से अधिक ग्रामीणों की बिगड़ी तबीयत

अहमदाबाद के देत्रोज में फूड पॉइजनिंग के बाद कड़ी के अस्पताल में कराया भर्ती, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप
less than 1 minute read
Feature image

मेहसाणा. अहमदाबाद जिले की देत्रोज तहसील के राजपुरा गांव में धार्मिक उत्सव में सेव-खमणी की दावत से 60 से अधिक ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ गई। फूड पॉइजनिंग के बाद इन्हें मेहसाणा जिले के कड़ी के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, राजपुरा गांव में बुधवार देर रात एक भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में रात के समय नाश्ते के रूप में सेव-खमणी परोसी गई। इसे खाने के कुछ ही घंटों में लोगों को उल्टी और घबराहट की शिकायत शुरू हो गई।
देखते ही देखते कई लोग चक्कर आने के कारण गिर पड़े, जिससे गांव में भारी अफरातफरी और दहशत फैल गई। फूड पॉइजनिंग के असर से 60 से ग्रामीण एक साथ बीमार पड़ गए। बीमारों में छोटे बच्चे और बुजुर्गों की संख्या अधिक है। मरीजों की हालत बिगड़ने से पहले ही उन्हें तुरंत कड़ी के अस्पताल में उपचार के लिए कराया गया। फिलहाल डॉक्टर सभी मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं। अधिकांश मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए देत्रोज के स्वास्थ्य विभाग और फूड एंड ड्रग्स विभाग की टीमें सक्रिय हो गई हैं। अधिकारियों की टीम ने राजपुरा गांव पहुंचकर जांच शुरू की। प्रशासन ने मौके से परोसी गई सेव-खमणी के नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा। इसके अलावा गांव के पेयजल स्रोतों की भी जांच की जा रही है, ताकि किसी अन्य संक्रमण या प्रदूषण की संभावना को रोका जा सके।

Updated on:
09 Apr 2026 10:23 pm
Published on:
09 Apr 2026 10:23 pm