अहमदाबाद

गुजरात में 1.28 लाख करोड़ से अधिक की रेल परियोजनाएं प्रगति पर : सीएम

मुख्यमंत्री के अनुसार, गुजरात को बुलेट ट्रेन परियोजना के अलावा 5 वंदे भारत, 1 अमृत भारत और 1 नमो भारत ट्रेन मिली हैं। गुजरात के औद्योगिक विकास के अनुरूप रेलवे के बुनियादी ढांचे को भविष्य की जरूरतों के अनुसार विकसित किया जा रहा है।
2 min read
Rail projects worth over ₹1.28 lakh crore underway in Gujarat: CM
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल

अहमदाबाद. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रविवार को साबरमती स्टेशन पर कहा कि गुजरात में 1.28 लाख करोड़ रुपए से अधिक की रेल परियोजनाएं प्रगति पर हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राज्य के 87 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास हो रहा है। वे केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के हाथों रेलवे के 1542 करोड़ के विकास कार्य की सौगात देने के अवसर पर बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री के अनुसार, गुजरात को बुलेट ट्रेन परियोजना के अलावा 5 वंदे भारत, 1 अमृत भारत और 1 नमो भारत ट्रेन मिली हैं। गुजरात के औद्योगिक विकास के अनुरूप रेलवे के बुनियादी ढांचे को भविष्य की जरूरतों के अनुसार विकसित किया जा रहा है।

404 किलोमीटर रेलखंड पर ‘कवच’ का शिलान्यास

अहमदाबाद मंडल के अहमदाबाद-पालनपुर और अहमदाबाद-सामख्याली रेलखंड के कुल 404 किलोमीटर हिस्से पर 411 करोड़ रुपए की लागत से स्वदेशी ‘कवच’ ट्रेन सुरक्षा प्रणाली स्थापित की जाएगी। इसका शिलान्यास भी किया गया। यह प्रणाली ट्रेनों की आमने-सामने या पीछे से होने वाली टक्कर को रोकने के उद्देश्य से स्थापित की जा रही है।

साबरमती-सरखेज रेललाइन के दोहरीकरण का शिलान्यास

अहमदाबाद क्षेत्र में यात्री और औद्योगिक कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए 313.27 करोड़ रुपए की लागत से साबरमती-सरखेज रेललाइन के 21 किलोमीटर हिस्से के दोहरीकरण का शिलान्यास किया गया। परियोजना को मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
अहमदाबाद के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वेद प्रकाश ने कहा कि विश्व के शक्तिशाली विद्युत माल लोकोमोटिवों में शामिल डब्ल्यूएजी-12 के लिए साबरमती में लगभग 700 करोड़ रुपए की लागत से विकसित अत्याधुनिक अनुरक्षण शेड का लोकार्पण भी रेलवे के माल परिवहन ढांचे को नई मजबूती प्रदान करेगा। डब्ल्यूएजी-12 लोकोमोटिव की उच्च क्षमता के कारण डबल-स्टैक कंटेनर तथा लंबी एवं भारी मालगाड़ियों का प्रभावी संचालन संभव होगा।
उन्होंने कहा कि साबरमती-साणंद-जखवाड़ा एवं साबरमती-कलोल-भांडू मोटीदाऊ रेलखंड पर 122.57 किलोमीटर में स्वचालित ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली का प्रावधान किया गया है। इससे ट्रेनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए रेलखंड की क्षमता में वृद्धि होगी तथा अधिक ट्रेनों का सुरक्षित और सुचारु संचालन संभव होगा।

मंडल में 411 करोड़ की 404 किमी रेलखंड पर कवच प्रणाली

डीआरएम ने बताया कि अहमदाबाद मंडल में लगभग 411 करोड़ रुपए की लागत से कुल 404 किलोमीटर रेलखंड पर कवच प्रणाली का कार्य किया जा रहा है। इसमें अहमदाबाद-पालनपुर का 157 किलोमीटर तथा अहमदाबाद-सामखियाली का 247 किलोमीटर रेलखंड शामिल है।

Updated on:
27 Sept 2026 09:35 pm
Published on:
27 Sept 2026 09:35 pm