अहमदाबाद

अहमदाबाद स्टेशन पर सरसपुर की ओर दूसरा प्रवेश द्वार शुरू

अहमदाबाद पश्चिम के सांसद दिनेश मकवाणा एवं बापूनगर के विधायक दिनेश कुशवाह ने इसका शुभारंभ किया। नई सुविधा से सरसपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को रेलवे स्टेशन में प्रवेश करने तथा प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त एवं सुगम मार्ग उपलब्ध होगा। नए प्रवेश द्वार एवं इंटीग्रेटेड फुट ओवर ब्रिज के प्रारंभ होने से यात्रियों के आवागमन को अधिक व्यवस्थित बनाने तथा स्टेशन के मौजूदा प्रवेश मार्गों पर दबाव कम करने में भी सहायता मिलेगी।
2 min read
Second entrance on the Saraspur side of Ahmedabad station inaugurated
फुट ओवर ब्रिज।

अहमदाबाद. अहमदाबाद रेलवे स्टेशन की पुनर्विकास परियोजना (रिडवलपमेंट प्रोजेक्ट) के तहत बुधवार को सरसपुर साइड पर नवनिर्मित द्वितीय प्रवेश द्वार एवं इंटीग्रेटेड फुट ओवर ब्रिज का उदघाटन किया गया। इनसे दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
अहमदाबाद पश्चिम के सांसद दिनेश मकवाणा एवं बापूनगर के विधायक दिनेश कुशवाह ने इसका शुभारंभ किया। नई सुविधा से सरसपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को रेलवे स्टेशन में प्रवेश करने तथा प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त एवं सुगम मार्ग उपलब्ध होगा। नए प्रवेश द्वार एवं इंटीग्रेटेड फुट ओवर ब्रिज के प्रारंभ होने से यात्रियों के आवागमन को अधिक व्यवस्थित बनाने तथा स्टेशन के मौजूदा प्रवेश मार्गों पर दबाव कम करने में भी सहायता मिलेगी।

मेट्रो से सीधे रेलवे स्टेशन परिसर में प्रवेश की योजना

अहमदाबाद के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश (डीआरएम) ने बताया कि रेलवे स्टेशन को भविष्य में एक आधुनिक मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस योजना के तहत भारतीय रेलवे, बुलेट ट्रेन स्टेशन एवं निकटवर्ती मेट्रो स्टेशन के बीच बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित करने का लक्ष्य है। यात्रियों की सुविधा के लिए इस इंटीग्रेटेड फुट ओवर ब्रिज पर वर्तमान में 10 एस्केलेटर एवं लिफ्ट कार्यरत हैं। नवनिर्मित द्वितीय प्रवेश द्वार पर भी लिफ्ट का निर्माण कार्य प्रगति पर है। आगामी दिनों में मेट्रो स्टेशन से रेलवे स्टेशन परिसर में सीधे प्रवेश की सुविधा शुरू करने की भी योजना है।

रूफ प्लाजा, प्लेटफॉर्म सुविधाओं का चरणबद्ध विकास

उन्होंने बताया कि अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पुनर्विकास परियोजना के तहत रूफ प्लाजा सहित विभिन्न आधुनिक यात्री सुविधाओं का विकास चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। भविष्य में रूफ प्लाजा के माध्यम से यात्रियों को टिकटिंग क्षेत्र, प्रतीक्षालयों एवं विभिन्न प्लेटफॉर्म तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराने की योजना है। इसके अतिरिक्त प्लेटफॉर्म से संबंधित निर्माण एवं विकास कार्य भी प्रगति पर हैं। आवश्यक सुरक्षा निरीक्षण एवं संबंधित स्वीकृतियां प्राप्त होने के पश्चात इन सुविधाओं को चरणबद्ध तरीके से यात्रियों के लिए प्रारंभ किया जाएगा।

14 मंजिलों का निर्माण पूरा

अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर साउथ मल्टी मॉडल ट्रांजिट हब भवन की 14 मंजिलों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष दो मंजिलों पर कार्य प्रगति पर है। इस दौरान सारंगपुर एवं कालूपुर रेलवे ब्रिज से संबंधित निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। वर्तमान में सारंगपुर रेलवे ब्रिज का कार्य तेजी से प्रगति पर है। इसके पश्चात कालूपुर रेलवे ब्रिज के कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।

Updated on:
14 Oct 2026 10:21 pm
Published on:
14 Oct 2026 10:21 pm