कुल तेदुओं की संख्या हुई नौ
अहमदाबाद. शहर के प्राणी संग्रहालय में कर्नाटक से छह तेंदुओं को लाया गया है। इनमें तीन नर और इतनी ही मादा हैं। इनके साथ ही तेंदुओं की संख्या ९ हो गई है और कुल पशु-पक्षियों की संख्या १८६९ है।
महानगरपालिका के रिक्रिएशन, कल्चलर एवं हैरीटेज कमेटी के अध्यक्ष जिग्नेश पटेल ने बताया कि कर्नाटक के शिमोगा लायन-टाइगर सफारी पार्क से तीन नर और तीन मादा तेंदुओं को कांकरिया प्राणी संग्रहालय में लाया गया है। सभी की आयु तीन से पांच वर्ष के बीच है। इन्हें नॉक्टरनल जू के दो डार्क रूम और खुले हुए पिंजरे में जरूरत के आधार पर रखा जाएगा। अब प्राणी संग्रहालय में कुल तेंदुओं की संख्या नौ हो गई है। इनके अलावा प्राणी संग्रहालय में शेरों की संख्या तीन, बाघों की तीन, रीछ दो, हाथी एक, हिपोपोटेमस दो, जरख एक समेत कुल पशु-पक्षियों की संख्या १८६९ है।
लाए गए तेंदुओं के नाम
कर्नाटक से लाए गए तीन मादा तेदुओं के नाम बनसंकरी, तुंगा और कल्पना हैं। जबकि नर तेदुओं के नाम प्रदीप, प्रवीण, एवं संदीप हैं। पहले से प्राणीसंग्रहालय में मौजूद तेदुओं के नाम शनि, जया और मिली हैं।
राज्य की ११२ तहसीलों में बारिश
तारापुर में सबसे अधिक तीन इंच
आज भारी बारिश संभव
अहमदाबाद. राज्य में चौथे दिन सोमवार को भी राज्य के विविध भागों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। कुल २५१ में से ११२ तहसीलों में से बारिश हुई इनमें से सबसे अधिक तीन इंच आणंद जिले की तारापुर व ढाई इंच राजकोट की कोटडासंगानी तहसील में हुई। राज्य में अब तक औसतन ५२७ मिलीमीटर बारिश हो गई जो ६३.३९ फीसदी है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार और सोमवार को प्रदेश में कुछ भागों में बारिश हुई। इनमें से तारापुर और कोटडासंगानी के अलावा अहमदाबाद जिले की साणंद तहसील में ४६ मिलीमीटर, भावनगर की जेसर में ३८, आणंद की पेटलाद व भावनगर की घोघा में ३५-३५ मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अन्य तीन तहसीलों में भी एक इंच के करीब बारिश हुई। शेष में एक मिलीमीटर से लेकर १५ मिलीमीटर तक बारिश हुई।
इन जिलों में भारी बारिश संभव
मौसम विभाग ने संभावना जताई गई है कि मंगलवार को दक्षिण गुजरात रीजन के सूरत, नवसारी, वलसाड, डांग, सौराष्ट्र के गिरसोमनाथ व जूनागढ़ में भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद गुरुवार को भी गुजरात रीजन के दाहोद, पंचमहाल, छोटा उदेपुर, सूरत, भरुच, वडोदरा, आणंद, नवसारी व सौराष्ट्र के बोटाद, भावनगर, अमरेली, गिर सोमनाथ तथा जूनागढ़ में भारी बारिश हो सकती है।