अहमदाबाद

अहमदाबाद से भी जुड़ेगा सोमनाथ-द्वारका एक्सप्रेस-वे, तीन घंटे की होगी बचत

-उमरगाम से नारायण सरोवर तक 10 मीटर चौड़ा कोस्टल हाईवे बनेगा, विधानसभा में मार्ग एवं मकान विभाग की मांगें पारित

2 min read
गुजरात विधानसभा (फाइल फोटो)।

Ahmedabad. गुजरात सरकार ने राज्य के बड़े शहरों, औद्योगिक केन्द्र, धार्मिक और पर्यटन स्थलों के बीच एक्सप्रेस-वे तैयार करने की योजना तैयार की है। इसके तहत सोमनाथ-द्वारका एक्सप्रेस-वे सबसे प्रमुख प्रोजेक्ट है। इस एक्सप्रेस-वे से अहमदाबाद सहित राज्य के 9 जिले जुड़ेंगे। 680 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट पर 57120 करोड़ रुपए की लागत आएगी।

गुजरात के मार्ग एवं मकान मंत्री ऋषिकेश पटेल ने मंगलवार को विधानसभा में मार्ग एवं मकान विभाग की मांगों और बजट पर चर्चा के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस एक्सप्रेस-वे के निर्माण से अहमदाबाद से द्वारका की दूरी तय करने में करीब 3 घंटे की बचत होगी, जिससे पर्यटन और व्यापार को नई गति मिलेगी। यह एक्सप्रेस-वे राज्य के 9 जिलों को जोड़ेगा। जिसमें अहमदाबाद, सुरेन्द्रनगर, राजकोट, जामनगर, देवभूमि द्वारका, मोरबी, पोरबंदर, जूनागढ़ और गिर सोमनाथ जिला शामिल है। सदन में विभाग की मांगों को पारित किया गया।

पीपावाव को डीसा से जोड़ेगा नमो शक्ति एक्सप्रेस-वे

मंत्री ने कहा कि इसके अलावा 431 किलोमीटर लंबा नमो शक्ति एक्सप्रेस-वे का भी निर्माण किया जाएगा। यह राजस्थान की सीमा से सटे बनासकांठा जिले के डीसा को सुरेंद्रनगर और पीपावाव से जोड़ेगा। इसके निर्माण पर 36204 करोड़ की लागत आएगी। इससे यात्रा समय 7.30 घंटे से घटकर मात्र 4 घंटे रह जाएगा। सोमनाथ -द्वारका एक्सप्रेस वे और नमो शक्ति एक्सप्रेस वे के निर्माण से राज्य की 50 फीसदी जनसंख्या को बेहतर सड़क परिवहन की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य में देश का सबसे लंबा 1600 किलोमीटर का समुद्री किनारा है। इसे देखते हुए सरकार ने समुद्री किनारे के विकास के लिए वलसाड़ जिले के उमरगाम से कच्छ जिले के नारायण सरोवर तक 10 मीटर चौड़ा कोस्टल हाइवे विकसित करने का निर्णय किया है। इस प्रोजेक्ट से मत्स्य उद्योग, पर्यटन और राष्ट्रीय सुरक्षा को बल मिलेगा।

राज्य में अब 1.35 लाख किलोमीटर का सड़क नेटवर्क

मंत्री ने कहा कि वर्ष 2001 में गुजरात का रोड नेटवर्क 1 लाख किलोमीटर था, वह अब बढ़कर 1.35 लाख किलोमीटर से अधिक हो चुका है। सरकार अब सड़क निर्माण में ओपीआरसी (आउटपुट एंड परफॉर्मेंस बेस्ड रोड कॉन्ट्रैक्ट) प्रणाली लागू करेगी, जिसमें ठेकेदारों को भुगतान सड़क के प्रदर्शन के आधार पर होगा। सरकार वेस्ट प्लास्टिक और कोल्ड मिक्स तकनीक से ‘ग्रीन रोड’ बनाएगी। जंबूसर में 10 किलोमीटर लंबी सड़क का पायलट प्रोजेक्ट 50 करोड़ से लागू किया है। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद-महेसाणा के बीच 8 मार्गीय हाईवे परियोजना की भी जानकारी देते हुए कहा कि इस पर 2,630 करोड़ खर्च किए जाएंगे, जिसमें 8 फ्लायओवर बनाए जाएंगे। इससे अहमदाबाद-महेसाणा के बीच परिवहन सुगम होगा।

3110 नई पदों को जल्द ही भरा जाएगा

मंत्री ने बताया कि सरकार मार्ग एवं मकान विभाग में वर्ष 2025-26 के बजट में 1180 तथा वर्ष 2026-27 के बजट में 1930 नई पदों को मंजूरी दी गई है। इस प्रकार कुल 3110 नई पदों को जल्द ही भरा जाएगा।

Published on:
17 Mar 2026 10:38 pm
Also Read
View All

अगली खबर