
शामलाजी में एकाएक बदला मौसम।
Ahmedabad news : गुजरात के उत्तर व मध्य हिस्सों में मंगलवार को अचानक बदले मौसम के बीच कई जगहों पर बारिश हुई। पांच जिलों की आठ तहसीलों में सबसे अधिक 20 मिलीमीटर वर्षा दाहोद जिले की फतेपुरा तहसील में दर्ज की गई। अरवल्ली ज़िले में भी सुबह से ही मौसम ने पलटी मारी। काले घने बादलों के बीच तेज़ हवाएं चलीं।
उधर बुधवार तक राज्य के नौ जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।राज्य में सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक दाहोद जिले की झालोद तहसील में 14 मिमी, सुखसर में 12 मिमी, दाहोद शहर में 6 मिमी और गोविंद गुरु लीमडी तहसील में 5 मिमी पानी बरसा। महीसागर जिले की संतरामपुर तहसील में 10 मिमी वर्षा हुई। वहीं अमरेली जिले की धारी व राजकोट जिले की जामकंडोरणा तहसील में भी बूंदाबांदी देखी गई।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय होने से यह बदलाव देखने को मिला। अरवल्ली, पंचमहाल, दाहोद, महीसागर और छोटा उदेपुर जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। मोडासा, मालपुर, मेघरज और शामलाजी में भी तेज़ हवाओं के साथ बारिश ने लोगों को असह्य गर्मी से राहत दी। हालांकि किसानों ने चिंता जताई कि मक्का, बाजरा और चारे की फसल को नुकसान हो सकता है।
मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के नौ जिलों में विविध जगहों पर बारिश की संभावना जताई है। इनमें उत्तर व मध्य गुजरात के अरवल्ली, पंचमहाल, दाहोद, महीसागर व छोटा उदेपुर तथा सौराष्ट्र क्षेत्र के राजकोट, अमरेली, भावनगर और बोटाद जिलों में बुधवार को हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई गई है।
बदले मौसम के कारण अहमदाबाद में मंगलवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम रहा। हवा में नमी का स्तर सुबह 65 प्रतिशत और शाम को 35 प्रतिशत दर्ज हुआ। उमसभरी गर्मी के कारण लोगों को परेशानी भी हुई। आगामी दिनों में तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अगले सात दिनों तक कई जगहों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहने की संभावना है। 9 से 11 मई के बीच तटीय गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ में गर्म और उमसभरी हवा का असर रह सकता है।
Published on:
05 May 2026 09:48 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
