अहमदाबाद

त्योहारों पर यात्रियों को घर जाने के लिए वडोदरा से विशेष ट्रेनें

वडोदरा. दिवाली व छठ पूजा को लेकर वडोदरा से घर जाने वाले यात्रियों के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे का वडोदरा मंडल 5 साप्ताहिक विशेष ट्रेनें चला रहा है।
2 min read
• •
Updated: 4 Nov 2026, 10:15 PM IST
Special Trains from Vadodara for Passengers Heading Home During the Festive Season
वडोदरा स्टेशन पर यात्रियों को कतार से ट्रेन के जनरल कोच में बिठाते पुलिसकर्मी।

वडोदरा. दिवाली व छठ पूजा को लेकर वडोदरा से घर जाने वाले यात्रियों के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे का वडोदरा मंडल 5 साप्ताहिक विशेष ट्रेनें चला रहा है।
अब तक वडोदरा मंडल के द्वारा यूपी, बिहार, कोलकाता, उत्तर व दक्षिण भारत के लिए ट्रेनों के 37 से अधिक फेरे संचालित किए गए। मंडल के उत्राण रेलवे स्टेशन से गुरुवार को उत्तराखंड राज्य के नैनीताल ज़िले में स्थित लालकुआं के लिए स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी।
यात्रियों सुविधाओं व भीड़ प्रबंधन के मद्देनजर वडोदरा के मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके के मार्गदर्शन में वडोदरा व छायापुरी रेलवे स्टेशन पर अधिकारियों को विशेष ड्यूटी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त मंडल के अंकलेश्वर, आणंद, गोधरा, भरूच और नडियाद स्टेशनों पर अतिरिक्त स्टाफ को मुस्तैद किया गया है।
वडोदरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी खेमराज मीना के अनुसार वडोदरा मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए हैं। वडोदरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर 350 वर्ग मीटर का एक होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है। इसमें यात्रियों के लिए पंखे और बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। पीने के पानी और आधुनिक मॉड्यूलर शौचालयों का प्रबंध किया गया है।
स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, कॉनकोर्स हॉल और टिकटिंग एरिया में 24 घंटे सीसीटीवी लगाए हैं। साथ ही रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस व होम गार्ड के जवानों को सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात किया गया है। उनके द्वारा विशेषकर जनरल कोच में कतार से यात्रियों को बिठाया जा रहा है। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए स्टेशनों पर मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं। फ्रंट लाइन स्टाफ द्वारा हेल्प डेस्क शुरू की गई है।

राजकोट-बरौनी साप्ताहिक फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन आज से

राजकोट. पश्चिम रेलवे द्वारा राजकोट-बरौनी के बीच साप्ताहिक फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन विशेष किराए पर चलाने का निर्णय लिया गया।राजकोट के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुनील कुमार मीना के अनुसार आगामी फेस्टिवल सीज़न के दौरान यात्रियों की मांग एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह ट्रेन चलाई जाएगी। इससे गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश व बिहार के यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
राजकोट-बरौनी साप्ताहिक फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन (नं. 09569) 5 से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को राजकोट से शाम 5 बजे प्रस्थान करेगी तथा तीसरे दिन सुबह 9.15 बजे बरौनी पहुंचेगी। इसी तरह, बरौनी-राजकोट साप्ताहिक फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन (नं. 09570) 7 से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को बरौनी से रात 10 बजे प्रस्थान करेगी तथा तीसरे दिन दोपहर 2.30 बजे राजकोट पहुंचेगी।
मार्ग में दोनों दिशाओं में यह ट्रेन वांकानेर, सुरेंद्रनगर, विरमगाम, मेहसाणा, पालनपुर, आबूरोड, फालना, मारवाड़, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, भरतपुर, ईदगाह, टूंडला, गोविंदपुरी, प्रयागराज, प्रयाग जंक्शन, फूलपुर, जंघई, जौनपुर, औड़िहार, गाजीपुर सिटी, बलिया, छपरा, सोनपुर और हाजीपुर स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में सेकंड एसी, थर्ड एसी, सेकंड स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच रहेंगे।

Updated on:
4 Nov 2026, 10:15 PM IST
Published on: