
Surendranagar Road Accident: सुरेंद्रनगर जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे के बाद एक के बाद एक तीन लोगों की जान चली गई। वडगाम और पानवा गांव के बीच सड़क किनारे खड़े ट्रक में तेज रफ्तार कार पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद घबराकर मौके से भागे ट्रक के खलासी की भी कुछ ही देर बाद खेत में करंट लगने से मौत हो गई। हादसे में कार सवार अन्य लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार कार में कई लोग सवार थे और वह तेज गति से गुजर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर में कार सवार एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था। रास्ते में उसकी हालत बिगड़ गई और उसने भी दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान चेन्नई निवासी राजेश और मुंबई निवासी अजित जैन के रूप में हुई है। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए दसाडा के सरकारी अस्पताल भेजे गए हैं। हादसे में घायल अन्य लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
टक्कर के बाद ट्रक का खलासी घबरा गया और पास के खेत की ओर दौड़ पड़ा। खेत में फसल को पशुओं से बचाने के लिए लगाए गए तारों में करंट प्रवाहित हो रहा था। खलासी अनजाने में इन तारों की चपेट में आ गया। बिजली का तेज झटका लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस तरह सड़क हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत के बाद खलासी की मौत से मृतकों की संख्या तीन हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दसाडा पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक वीआई. खड़िया और पुलिस उपनिरीक्षक वीजे. मालवीया सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों और घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। गौरतलब है कि बीते दिनों राजकोट-मोरबी हाईवे पर रतनपर में हड़ाला के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया था। यहां तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने सड़क किनारे खड़े ऑटो-रिक्शा और कार को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में जानी-मानी लोक गायिका मीरा आहिर और वैशाली आहिर के इकलौते भाई समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी।