
भावनगर. केंद्रीय उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्यमंत्री सह भावनगर लोकसभा सीट से सांसद निमुबेन बांभणिया ने भावनगर मंडल यात्री सुविधाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।उन्होंने यात्रियों की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मंडल में अधिक से अधिक सोलर प्लांट स्थापित करने तथा रेलवे परिसरों में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि यात्री सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा दक्षता की दिशा में भी निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
बांभणिया ने भावनगर मंडल में यात्री सुविधाओं में और अधिक वृद्धि के लिए अपना पूर्ण सहयोग एवं सकारात्मक सहयोगात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने का आश्वासन दिया। साथ ही यात्री सुविधाओं के विस्तार और रेलवे के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए विकास कार्यों को निरंतर गति देने पर बल दिया।
बैठक के दौरान भावनगर-सूरत के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के संचालन तथा भावनगर को सूरत, भुज एवं अन्य प्रमुख शहरों से जोड़ने वाली लम्बी दूरी की ट्रेनों के संबंध में विचार-विमर्श किया गया।
समीक्षा बैठक में धोला स्टेशन को “अमृत भारत स्टेशन” योजना में शामिल करने के संबंध में भी चर्चा की गई। इसके साथ ही वेरावल-तालाला तथा जूनागढ़-देलवाड़ा मीटर गेज रेल लाइनों को हेरिटेज घोषित किए जाने के संबंध में भी जानकारी साझा की गई।
बैठक में भावनगर टर्मिनस स्टेशन को नीलमबाग पैलेस की तर्ज पर विकसित करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों पर भी चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त, भावनगर परा यार्ड रिमॉडलिंग परियोजना की प्रगति एवं इससे भविष्य में रेल संचालन तथा यात्री सुविधाओं में होने वाले लाभों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अतुल कुमार त्रिपाठी ने भावनगर मंडल में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं तथा भविष्य की योजनाओं की पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।समीक्षा बैठक के दौरान भावनगर के मंडल रेल प्रबंधक दिनेश वर्मा के अलावा खुशबू सुथार, महेश चौहान, ऋत्विक शर्मा सहित भावनगर मंडल के सभी वरिष्ठ शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।