अहमदाबाद

Ahmedabad: फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर टीचर ने छात्रा को भेजे आपत्तिजनक मैसेज, गुस्साए दोस्त ने जड़ दिया थप्पड़

School Girl Harassment: अहमदाबाद के खोखरा इलाके की एक स्कूल में शिक्षक पर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर छात्रा को आपत्तिजनक संदेश भेजने का आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
2 min read
School Girl Harassment
एआई तस्वीर

अहमदाबाद। खोखरा इलाके की एक स्कूल में शिक्षक और छात्रा के रिश्ते को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। स्कूल के ही कंप्यूटर शिक्षक पर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर छात्रा को लगातार आपत्तिजनक मैसेज भेजकर परेशान करने का आरोप लगा है। छात्रा ने जब इसकी जानकारी अपने दोस्त को दी और शुरुआती जांच में मैसेज भेजने वाले की पहचान शिक्षक के रूप में सामने आने का दावा किया गया, तो छात्र के दोस्त ने शिक्षक को थप्पड़ जड़ दिया।

दोस्त ने शिक्षक की पिटाई की

जानकारी के अनुसार, छात्रा को कुछ समय से एक फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से लगातार आपत्तिजनक मैसेज भेजे जा रहे थे। इससे परेशान छात्रा तनाव में थी। उसने हिम्मत जुटाकर अपने एक दोस्त को पूरी बात बताई। इसके बाद मामले की पड़ताल की गई तो मैसेज भेजने वाली आईडी को लेकर शिक्षक पर संदेह गया। मामले की जानकारी सामने आने के बाद छात्रा के दोस्त ने शिक्षक से पूछताछ की। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया और दोस्त ने शिक्षक की पिटाई कर दी।

कानूनी कार्रवाई की मांग

घटना के बाद छात्रा के अभिभावकों ने शिक्षक को स्कूल से हटाने के साथ ही उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ा यह गंभीर मामला है और इसकी पूरी जांच होनी चाहिए। मामला सामने आने के बाद अहमदाबाद शहर पूर्व और पश्चिम के जिला शिक्षा अधिकारी रोहित चौधरी ने स्कूल के संचालक और प्राचार्य को नोटिस जारी किया है। नोटिस में शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

रिपोर्ट कार्यालय में पेश करने के लिए कहा

साथ ही स्कूल प्रबंधन से की गई कार्रवाई की रिपोर्ट कार्यालय में पेश करने के लिए कहा गया है। शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन से मामले में अब तक की गई कार्रवाई और आगे उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी मांगी है। इस बीच पुलिस भी पूरे मामले की जांच कर रही है। फर्जी इंस्टाग्राम आईडी किसने बनाई, छात्रा को मैसेज किस डिवाइस से भेजे गए और इस मामले में शिक्षक की भूमिका क्या रही, इसकी जानकारी जांच के बाद स्पष्ट होगी।

पालडी की एक स्कूल में छात्र भिड़े

वहीं दूसरी तरफ शहर के पालडी की शारदा मंदिर स्कूल में विद्यार्थियों के बीच हुई मामूली कहासुनी ने उग्र रूप धारण कर लिया। कक्षा 11 और 12 के छात्रों के बीच एक छात्रा से बातचीत करने के मुद्दे पर शुरू हुआ विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। माफीनामे से मामले को दबाने की कोशिश करने की भी बात सामने आ रही है। उधर शहर जिला शिक्षा अधिकारी पूर्व एवं पश्चिम ने शनिवार को इस मामले में जांच के आदेश जारी किए हैं। बीट निरीक्षक को मामले की जांच कर एक दिन में रिपोर्ट पेश करने को कहा है।

Updated on:
03 Oct 2026 08:50 pm
Published on:
03 Oct 2026 08:46 pm