3 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Ahmedabad Murder: अहमदाबाद में छात्र की बेरहमी से पिटाई, निर्वस्त्र हालत में अपार्टमेंट में मिला, अस्पताल में मौत

Ahmedabad Student Death: अहमदाबाद के इसनपुर में 21 वर्षीय छात्र गंभीर घायल और निर्वस्त्र हालत में अपार्टमेंट परिसर में मिला। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
2 min read
Google source verification
Ahmedabad Murder Case

गुजरात पुलिस। फाइल फोटो- पत्रिका

Ahmedabad Murder Case: अहमदाबाद के इसनपुर में 21 वर्षीय छात्र गंभीर हालत में एक अपार्टमेंट के परिसर में मिला। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे और वह निर्वस्त्र था। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान भावनगर निवासी जिगर शैलेषभाई सोलंकी के रूप में हुई है। वह गोटा स्थित सिल्वर ओक यूनिवर्सिटी में बी.वोक फाइनेंस के पहले सेमेस्टर में पढ़ता था। वह पहले पीजी में रहता था।

दोस्त से मिलने गया था

पिछले करीब ढाई महीने से वह इसनपुर की जयंत पार्क सोसायटी में रहने वाले अपने मामा हर्षितभाई जसवंतभाई चौहान के साथ रह रहा था। हर्षितभाई पेशे से वकील हैं। मामा की शिकायत के अनुसार 2 अक्टूबर की रात करीब साढ़े दस बजे जिगर दोस्त से मिलने की बात कहकर बाइक लेकर घर से निकला था। कुछ देर बाद परिवार को फोन आया कि जिगर के साथ किसी तरह की घटना हुई है। इसके बाद मामा को एक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि जिगर तीर्थभूमि अपार्टमेंट के परिसर में निर्वस्त्र हालत में पड़ा है और उसके साथ मारपीट हुई है।

शरीर पर कई जगह चोट के निशान

सूचना मिलने पर जिगर के मामा अपने दोस्तों के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास लोग भी जमा थे। मामा ने उससे पूछा तो उसने बताया कि उसके साथ मारपीट हुई है और शरीर में बहुत दर्द हो रहा है। उसने यह नहीं बताया कि उसे किसने पीटा। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। उसके बाएं कंधे के पीछे, दोनों हाथों, गाल, बाईं तरफ जांघ, छाती और बगल के पास चोट दिखाई दे रही थी। वह खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। इसके बाद 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। परिवार के लोग उसे इलाज के लिए एलजी अस्पताल ले जाया गया।

डॉक्टरों ने जिगर को मृत घोषित किया

इलाज के दौरान डॉक्टरों ने जिगर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि जिगर घायल हालत में बाइक से तीर्थभूमि अपार्टमेंट के पास पहुंचा था। उसने बाइक अपार्टमेंट के बाहर खड़ी की और निर्वस्त्र हालत में दूसरी मंजिल तक पहुंचा। वहां फ्लैट के लोगों ने शोर मचाया तो वह नीचे की ओर भागा और परिसर में गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस डॉग स्क्वाड की मदद से मौके से सुराग जुटा रही है। अपार्टमेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि उसके साथ मारपीट किसने और किस वजह से की।