
प्रदीप पूर्णेकर। फाइल फोटो- पत्रिका
Pradeep Purnekar Murder: ठाणे में शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट के विभागप्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के मामले में उनके बेटे राम पूर्णेकर के बयान से नया विवाद सामने आया है। राम ने पुलिस को बताया कि हत्या से कुछ दिन पहले उनके पिता ने एक युवती को दो युवकों के साथ एक कमरे में पकड़ा था और तीनों को कपूरबावड़ी थाने लेकर गए थे। मंगलवार को प्रदीप पूर्णेकर की उनके कार्यालय में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
घटना के समय उनके कार्यकर्ता नवरात्र उत्सव के लिए चंदा जुटाने इलाके में गए हुए थे। हाल में ऑपरेशन होने के कारण पूर्णेकर चंदा जुटाने नहीं गए थे और कार्यालय में पप्या शिंदे के साथ थे। इसी दौरान चार हमलावर कार्यालय में घुसे और गोलियां चलाकर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद प्रदीप पूर्णेकर के बेटे राम पूर्णेकर ने शिवसेना की नगरसेविका मीनाक्षी शिंदे और उनके पति राजेंद्र शिंदे पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया था। अब अपने पूरक बयान में राम ने एक युवती और दो युवकों से जुड़ी घटना का भी जिक्र किया है।
राम के अनुसार, हत्या से कुछ दिन पहले इलाके की एक युवती दो युवकों के साथ एक कमरे में मिली थी। प्रदीप पूर्णेकर वहां पहुंचे थे। इसके बाद युवती और दोनों युवकों को पकड़कर कपूरबावड़ी पुलिस थाने ले जाया गया। राम ने पुलिस को यह भी बताया कि वही युवती प्रदीप पूर्णेकर की हत्या से पहले और हत्या के बाद उनके कार्यालय के बाहर दिखाई दी थी। इसी आधार पर उन्होंने युवती पर संदेह जताते हुए पुलिस से उसके बारे में भी जांच करने की मांग की है।
वहीं इस मामले में अपने ऊपर आरोप लगने के बाद मीनाक्षी शिंदे ने पत्रकार वार्ता कर सभी आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि शुरुआती शिकायत में उनका नाम नहीं था, लेकिन बाद में राजनीतिक नेताओं ने उनका नाम इस मामले में जोड़ने की कोशिश की। मीनाक्षी शिंदे ने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोध के कारण उन्हें हत्या के मामले में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे और संजय राउत पर भी निशाना साधा और कहा कि इस मामले में एक महिला को राजनीतिक रूप से निशाना बनाया जा रहा है।
Updated on:
02 Oct 2026 05:26 pm
Published on:
02 Oct 2026 05:25 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
