1 अक्टूबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड में बड़ा ट्विस्ट, आरोपी के भांजे और ठाणे की युवती के नाम पर मिलीं हत्या में इस्तेमाल कारें

Pradeep Purnekar Murder: प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड की जांच के लिए 23 सदस्यीय एसआईटी बनाई गई है। हत्या में इस्तेमाल दो कारें जब्त की गई हैं, जिनमें एक कार ठाणे की युवती के नाम पर है।
2 min read
Google source verification
Pradeep Purnekar Murder

ठाकरे गुट के नेता प्रदीप पूर्णेकर। फाइल फोटो- पत्रिका

Pradeep Purnekar Murder Case: शिवसेना ठाकरे गुट के विभाग प्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की हत्या की जांच में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। हत्या में इस्तेमाल हुईं दो कारें जब्त की गई हैं। इनमें एक कार आरोपी के भांजे के नाम पर है, जबकि दूसरी कार ठाणे की एक युवती के नाम पर दर्ज है। युवती का कहना है कि उसने यह कार अपने दोस्त के लिए कर्ज लेकर खरीदी थी। हत्या में कार इस्तेमाल होने के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

23 पुलिसकर्मियों की एसआईटी गठित

पूर्णेकर के परिवार ने राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े कुछ लोगों के नाम लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए विशेष जांच दल यानी एसआईटी बनाई है। एसआईटी में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों समेत कुल 23 लोग शामिल हैं। अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त अमरसिंह जाधव को एसआईटी का प्रमुख बनाया गया है। ठाणे वसूली विरोधी दल के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शैलेश सालवी मामले के जांच अधिकारी हैं।

एसआईटी के गठन के बाद जांच तेज

एसआईटी में 2 सहायक पुलिस आयुक्त, 3 वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक, 6 सहायक पुलिस निरीक्षक, 3 पुलिस उपनिरीक्षक, एक सहायक पुलिस उपनिरीक्षक और 8 पुलिस कर्मचारी शामिल हैं। सभी सदस्य अपराध शाखा से जुड़े हैं। एसआईटी के गठन के बाद जांच तेज कर दी गई है। पुलिस हत्या से जुड़े अलग-अलग लोगों को पूछताछ के लिए थाने बुला रही है। इसी क्रम में गुरुवार को तीन महिलाओं को भी पूछताछ के लिए बुलाए जाने की जानकारी सामने आई है।

दोस्त के लिए कर्ज लेकर खरीदी थी कार

हत्या में इस्तेमाल वाहनों की जांच के दौरान पुलिस को एक कार आरोपी के भांजे के नाम पर मिली। दूसरी कार ठाणे की एक युवती के नाम पर दर्ज है। बताया जा रहा है कि युवती ने यह कार अपने दोस्त की मदद के लिए कर्ज लेकर खरीदी थी। अब यही कार पूर्णेकर हत्याकांड में इस्तेमाल होने की बात सामने आने के बाद पुलिस युवती से पूछताछ कर रही है। युवती की भूमिका को लेकर अभी कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ाई

पूर्णेकर के रिश्तेदारों की ओर से लगाए गए आरोपों और उनके बेटे राम पूर्णेकर के बयान में एक संदिग्ध का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने ठाणे के एक इलाके में गश्त बढ़ा दी है। यह इलाका शिवसेना की पूर्व महापौर और मौजूदा नगरसेविका मीनाक्षी शिंदे के निवास वाले क्षेत्र में है। पुलिस हत्या के पीछे के कारण और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। वाहनों के अलावा आरोपियों के संपर्क, आने-जाने और घटना से पहले तथा बाद की गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पांच में से चार आरोपियों की पहचान

पुलिस के अनुसार, हत्या के मामले में कुल पांच आरोपियों में से चार की पहचान हो चुकी है। इनमें पप्या शिंदे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के साथ जब्त की गई दोनों कारों और अन्य संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटा रही है। एसआईटी की जांच में हत्या की पूरी साजिश और इसमें शामिल लोगों की भूमिका सामने आने की उम्मीद है। गौरतलब है कि पूर्णेकर पर मंगलवार रात उनके गणेश नगर स्थित कार्यालय के पास गोली मारने के बाद धारदार हथियार से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल पूर्णेकर को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।