
वापी।युवा रोजगार , किसान अधिकार नवसर्जन अधिकार यात्रा लेकर गुरुवार को नानापोंढा पहुंंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा की सरकार को सूट-बूट से यारी वालों की सरकार बताया। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार ने मनरेगा के तहत 33 हजार करोड़ रुपए से लगभग एक करोड़ ग्रामीणों को रोजगार मुहैया करवाया। वहीं, भाजपा ने सिर्फ एक ही उद्योगपति को नैनो कार लगाने के लिए इतनी राशि प्रदान की। इसके बाद भी सडक़ पर एक भी नैनो कार नहीं दिखाई दे रही है। देर रात उन्होंने वापी में भी लोगों को संबोधित किया।
नानापोढ़ा में निर्धारित सभा में करीब तीन घंटे देरी से पहुंचे राहुल गांधी ने गुजराती में केम छो के साथ अपना संबोधन शुरू करते हुए पहले देरी से आने पर लोगों से क्षमा मांगी। करीब आधे घंटे के भाषण में भाजपा पर हमलावर रहे राहुल गांधी ने इस चुनाव को सत्य और असत्य की लड़ाई बताया। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि 22 साल के शासन काल में भाजपा सरकार ने आदिवासियों की जमीन, जंगल, पानी लेकर उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जमीन लेते समय आदिवासी समाज से नौकरी, शिक्षा और रोजगार का वादा किया था, लेकिन हुआ इसका उल्टा। जीएसटी को गब्बरसिंह टैक्स बताते हुए उन्होंने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी के कारण लोगों की बची नौकरियां भी चली गई और उद्योग-धंधे चौपट होते गए। गुजरात में भाजपा शासन के 22 साल में शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं निजी हाथों में सौंप कर इसे महंगा करने का काम किया गया।
उन्होंने कहा कि भाजपा जो गुजरात का सच बताती है, वह अलग है। गुजरात में आज किसानों की लाचारी है, भ्रष्टाचार का बोलबाला है, जमीन घोटाला, उना कांड, पाटीदारों पर गोली कांड, आदिवासियों में बेरोजगारी है। भाजपा का सच पांच-दस उद्योगपतियों का फायदा पहुंचाने तक सिमट गया है। उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया को सिर्फ नारा बनाकर रख दिया गया है। चीन में 24 घंटे के दौरान 50 हजार नौकरियां उपलब्ध होती हैं, जबकि मोदी सरकार के राज में 24 घंटे के दौरान महज 450 नौकरियां मिल रही हैं। मोदी ने 2 करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा किया था।
उन्होंने कहा कि आदिवासियों, किसानों से ली गई जमीन का 6 0 प्रतिशत हिस्सा बिना उपयोग के उद्योगपतियों के पास पड़ा है। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने अर्थव्यवस्था को चौपट कर दिया है। सिर्फ झूठ और भ्रम फैलाकर फिर सत्ता पाना चाहते हैं। इस बार जनता उनके बहकावे में नहीं आएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि नर्मदा का पानी किसानों को न देकर उद्योगपतियों को दिया जा रहा है।
इस दौरान राहुल गांधी ने कांग्रेस शासन काल में किसानों और आदिवासियों के लिए किए गए जमीन सुधार, आदिवासियों को जमीन का पट्टा देने समेत कई कार्यों की याद दिलाते हुए चुनाव में कांग्रेस को समर्थन मांगा। इससे पहले राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत , गुजरात प्रदेश अध्यक्ष भरतसिंह सोलंकी और पूर्व प्रमुख अर्जुन मोढवाडिया ने भी सभा को संबोधित किया।
वापी. दक्षिण गुजरात में दूसरे दिन गुुरुवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने नानापोढ़ा और वापी शहर में सभा को संबोधित किया। वापी के वीआईए हॉल में लोगों का हाथ जोडक़र अभिवादन करते राहुल गांधी। इस दौरान उनके साथ गुजरात प्रभारी अशोक गहलोत, राज्यसभा सांसद अहमद पटेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भरतसिंह सोलंकी आदि कांग्रेस नेता भी मौजूद थे।