अहमदाबाद

कच्छ की भारत-पाक सीमा पर सरदार पोस्ट में शहीदों को श्रद्धांजलि

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा शौर्य दिवस का आयोजन

2 min read
श्रद्धांजलि देते अ​धिकारी।

भुज. हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा कच्छ की भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित सरदार पोस्ट में शहीद जवानों को गुरुवार को श्रद्धांजलि अर्पित कर शौर्य दिवस मनाया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में सीआरपीफ मुंबई क्षेत्र के आइजी वीरेंद्र अग्रवाल उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि 1965 में पाकिस्तान द्वारा शुरू किए गए ‘डेजर्ट हॉक ऑपरेशन’ का मुकाबला करते हुए सरदार पोस्ट पर सीआरपीएफ की बटालियन ने अदम्य साहस का परिचय दिया और दुश्मन की ब्रिगेड को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।
इस वीरता की गाथा को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उस कठिन समय में यीआरपीएफ के जवानों ने 3000 से अधिक दुश्मनों का बहादुरी से सामना किया। चारों ओर से घिरे होने के बावजूद जवानों ने दुश्मन को चुनौती दी और देश के लिए सर्वस्व न्योछावर करने का अदम्य साहस दिखाया।

मन को मजबूत रखते हुए देश सेवा करें नव-नियुक्त कैडेट

उन्होंने आगे कहा कि सीआरपीएफ के जवानों की बहादुरी और देश की एक इंच जमीन भी न देने के दृढ़ संकल्प के आगे दुश्मन सेना को हार माननी पड़ी। उन्होंने नव-नियुक्त कैडेट्स को प्रेरित करते हुए कहा कि शौर्य दिवस हमें सिखाता है कि हार तभी होती है जब हम मन से हार जाते हैं, इसलिए मन को मजबूत रखते हुए देश सेवा करनी चाहिए। गांधीनगर सीआरपीएफ के डीआइजी धर्मेंद्र सिंह विसेन ने भी सरदार पोस्ट पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शौर्य दिवस को वीरता का श्रेष्ठ उदाहरण बताया।
गौरतलब है कि 1965 के युद्ध के दौरान पाकिस्तान की लगभग 3000 सैनिकों वाली ब्रिगेड ने सरदार पोस्ट पर हमला किया था, उस समय सीआरपीएफ के केवल 150 जवान मौजूद थे। मुकाबले में पाकिस्तान के 34 सैनिक मारे गए। लड़ते हुए सीआरपीएफ की दूसरी बटालियन के 7 जवान शहीद हो गए। साथ ही सीआरपीएफ ने 4 पाकिस्तानी सैनिकों को जीवित पकड़ने में भी सफलता प्राप्त की।
शौर्य दिवस के अवसर पर सीआरपीएफ द्वारा सरदार पोस्ट पर बैंड के साथ शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई और वीरता की इस गाथा को स्मरण किया गया। कार्यक्रम में बीएसएफ की 90वीं बटालियन के कमांडेंट विजय कुमार के अलावा सीआरपीएफ के अभिजीत काले, डॉ. विश्वा शाह, दिनेश चंद्र चंदेल, घनश्याम पेडवा सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

Published on:
09 Apr 2026 10:15 pm
Also Read
View All