
वडोदरा. अहमदाबाद. राजकोट. यात्रियों की सुरक्षा एवं कार्य के सुचारु निष्पादन को ध्यान में रखते हुए वडोदरा-जामनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन रविवार को निरस्त रहेगी।पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के अहमदाबाद-विरमगाम सेक्शन पर साबरमती (एसबीटी) स्टेशन पर रेलवे ट्रैक नं. 1 से 3 के ऊपर बॉक्स टाइप फुट ओवर ब्रिज के निर्माण कार्य के तहत यह निर्णय लिया गया।इस कारण वडोदरा-जामनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन (नं. 22959) रविवार को पूर्णतः रद्द रहेगी। इसी तरह, जामनगर-वडोदरा इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन (नं. 22960) रविवार को पूर्णतः रद्द रहेगी।
रविवार को राजकोट-कोयंबटूर एक्सप्रेस ट्रेन (नं. 16613) निर्धारित मार्ग विरमगाम-साबरमती-अहमदाबाद के बजाय परिवर्तित मार्ग विरमगाम-कटोसन रोड-कलोल-साबरमती ब्रॉड गेज (एसबीआइबी)-अहमदाबाद के रास्ते चलाई जाएगी।
वहीं, शनिवार को सिकंदराबाद से चलने वाली सिकंदराबाद-राजकोट एक्सप्रेस ट्रेन (नं. 22718) रविवार को अपने निर्धारित मार्ग अहमदाबाद-साबरमती-विरमगाम के बजाय परिवर्तित मार्ग अहमदाबाद-साबरमती ब्रॉड गेज (एसबीआइबी)-कलोल-कटोसन रोड-विरमगाम के रास्ते चलाई जाएगी।
हिम्मतनगर. साबरकांठा लोकसभा क्षेत्र की सांसद शोभना बारैया ने अहमदाबाद से खेड़ब्रह्मा के बीच दोपहर के समय विशेष मेमू ट्रेन शुरू करने की मांग की।
इस संबंध में उन्होंने पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के डीआरएम वेद प्रकाश को पत्र लिखा। साथ ही मार्ग में आने वाले विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त ठहराव की अपील की। विशेष रूप से भादरवी पूनम के मेले, नवरात्रि और दीपावली के दौरान यात्रियों की संख्या में काफी वृद्धि होती है। इसके अलावा बड़ी संख्या में पदयात्री भी अंबाजी की ओर जाते हैं।
ऐसे में अहमदाबाद-खेड़ब्रह्मा रेलवे रूट पर दोपहर के समय विशेष मेमू ट्रेन शुरू होने से साबरकांठा, अरवल्ली सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकती है। सांसद ने रेलवे प्रशासन से इस विशेष मेमू ट्रेन को भादरवा मास की शुरुआत से कार्तिक पूर्णिमा तक नियमित रूप से संचालित करने की भी अपील की। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगा।
अहमदाबाद. वडोदरा. राजकोट. भावनगर. यात्रियों की सुविधा बढ़ाने तथा टिकटिंग प्रणाली को और अधिक आधुनिक बनाने के उद्देश्य से रेलवन एप पर शेयर करने योग्य अनारक्षित टिकट प्रणाली (यूटीएस) सीजन टिकट बुक करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यह सुविधा पंजीकृत रेलवन उपयोगकर्ताओं को अपने लिए एक तथा अपने परिवार के सदस्यों या किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर अधिकतम 5 अतिरिक्त सीजन टिकट बुक करने में सक्षम बनाती है।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, उपयोगकर्ताओं की आयु स्वयं के लिए सीजन टिकट बुक करने हेतु कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए, जबकि किसी अन्य उपयोगकर्ता द्वारा जिस व्यक्ति के लिए सीजन टिकट बुक किया गया है, उसकी आयु कम से कम 5 वर्ष होनी चाहिए।
स्वयं के लिए बुक किए गए शेयर करने योग्य सीजन टिकट के मामले में सफल जियो-फेंसिंग सत्यापन अनिवार्य है तथा इसकी वैधता बुकिंग की तारीख से शुरू होगी। हालांकि, किसी अन्य यात्री के लिए बुक किए गए शेयर करने योग्य सीजन टिकट की वैधता बुकिंग की तारीख के अगले दिन से शुरू होगी।
यात्रा के लिए यात्री शेयर करने योग्य सीजन टिकट की स्पष्ट और पठनीय मुद्रित प्रति अथवा मोबाइल डिवाइस पर प्रदर्शित पीडीएफ साथ रख सकते हैं। वैध यात्रा दस्तावेज माने जाने के लिए मुद्रित प्रति या पीडीएफ में टिकट का वैध विवरण होना चाहिए। साथ ही यात्री का फोटो स्पष्ट रूप से प्रदर्शित और क्यूआर कोड में डिजिटल रूप से भी दर्ज होना चाहिए।
रेलवन एप के माध्यम से तैयार किए गए इनवॉइस, बुकिंग रसीद या यूटीएस कागजी टिकट की प्रतियां वैध शेयर करने योग्य सीजन टिकट के स्थान पर वैध यात्रा दस्तावेज के रूप में स्वीकार नहीं की जाएगी। रेलवन एप पर शेयर करने योग्य यूटीएस सीजन टिकट की सुविधा यात्रियों के लिए एक अतिरिक्त यात्री सेवा है।