अहमदाबाद

वडोदरा रेलवे स्टेशन पर डिजिटल एक्सेस बोर्ड, देश में पहली बैटरी चालित कार्ट सेवा आरंभ

पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल द्वारा यात्री सुविधाओं को और अधिक आधुनिक, सुगम एवं समावेशी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वडोदरा रेलवे स्टेशन पर डिजिटल एक्सेस बोर्ड तथा बैटरी ऑपरेटेड कार्ट सेवा का आरंभ किया गया। सांसद डाॅ. हेमांग जोशी ने इस सेवा का उद्घाटन करते हुए कहा कि डिजिटल एक्सेस बोर्ड से यात्रियों को स्टेशन पर प्रवेश के साथ ही स्टेशन की हर सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी मिल सकेगी। दिव्यांग जनों के लिए प्रोजेक्ट सारथी इलेक्ट्रिक कार्ट सेवा देश में इस तरह की पहली सेवा है, जो वडोदरा स्टेशन पर आरंभ की गई है।

2 min read

यात्रियों, वरिष्ठ नागरिकों-दिव्यांगजनों के लिए विशेष उपयोगी : सांसद डॉ. जोशी

वडोदरा. पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल द्वारा यात्री सुविधाओं को और अधिक आधुनिक, सुगम एवं समावेशी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वडोदरा रेलवे स्टेशन पर डिजिटल एक्सेस बोर्ड तथा बैटरी ऑपरेटेड कार्ट सेवा का आरंभ किया गया।
सांसद डाॅ. हेमांग जोशी ने इस सेवा का उद्घाटन करते हुए कहा कि डिजिटल एक्सेस बोर्ड से यात्रियों को स्टेशन पर प्रवेश के साथ ही स्टेशन की हर सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी मिल सकेगी। दिव्यांग जनों के लिए प्रोजेक्ट सारथी इलेक्ट्रिक कार्ट सेवा देश में इस तरह की पहली सेवा है, जो वडोदरा स्टेशन पर आरंभ की गई है। सांसद ने इस अवसर पर लाइसेंस सहायकों से भी मुलाकात की और उन्हें बताया कि उनके हितों की रक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने हरसंभव मदद और सुविधा प्रदान करने का आश्वासन भी दिया।
वडोदरा के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राजू भडके ने बताया कि आधुनिक स्टेशन सेवाओं की दिशा में वडोदरा मंडल की यह महत्वपूर्ण पहल है। स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को बहुत ही सुगम तरीके से यह पता लगेगा कि रेल सुरक्षा बल कहां है, टिकट विंडो कहां है और लिफ्ट कहां है। इलेक्ट्रिक कार्ट एक महत्वपूर्ण सुविधा है, अपने छोटे साइज़ के कारण यह कार्ट लिफ्ट में भी जा सकती है और ट्रेन तक सीनियर सिटीजन और दिव्यांगजन यात्रियों को उनकी ट्रेन तक छोड़ने में मददगार होगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नरेन्द्र कुमार ने बताया कि डिजिटल एक्सेस बोर्ड सुविधा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) पहल के तहत स्थापित की गई है। इसका उद्देश्य स्टेशन परिसर में यात्रियों की आवाजाही को अधिक सरल, सुविधाजनक एवं तनावमुक्त बनाना है। यह बोर्ड यात्रियों के लिए एक स्मार्ट सूचना केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जिसमें स्टेशन की विभिन्न सुविधाओं, प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन सुविधाओं, पार्किंग, फूड स्टॉल, सुरक्षा सेवाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की स्पष्ट एवं आसान जानकारी उपलब्ध कराई गई है। यह बोर्ड विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं पहली बार यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
उन्होंने बताया कि इसके आधुनिक बैटरी चालित कार्ट की विशेषता है कि यह केवल प्लेटफॉर्म नंबर 1 तक सीमित नहीं रहकर स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्मों तक कनेक्टिविटी प्रदान करेगी, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा एवं सहज आवागमन सुनिश्चित होगा। यह सेवा दिन-रात उपलब्ध रहेगी तथा यात्रियों के आरामदायक सफर में सहायक बनेगी।

Published on:
18 May 2026 09:57 pm
Also Read
View All