
वडोदरा. पश्चिम रेलवे के वडोदरा स्टेशन के यार्ड में 30 जून को सिग्नलिंग सिस्टम को अपग्रेड किया जाएगा।
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल द्वारा परिचालन क्षमता बढ़ाने तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वडोदरा रेलवे स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग कार्य प्रगति पर है। इसके तहत नॉन इंटरलॉकिंग कार्य की पूर्व तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
वडोदरा के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राजू भडके द्वारा वडोदरा स्टेशन यार्ड का अधिकारिओं एवं रेलवे इंजीनियरों के साथ दौरा किया गया और कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कार्य के दौरान रेल परिचालन पर कम से कम प्रभाव पड़े और यात्रिओं को कम से कम असुविधा हो।
डीआरएम ने बताया कि यार्ड रिमॉडलिंग के इस महत्वपूर्ण कार्य में गुणवत्ता और संरक्षा मानकों के साथ-साथ यह भी ध्यान दिया जा रहा है कि समय पर नॉन इंटरलॉकिंग के पूर्व के सभी कार्य पूरे किए जाए। 30 जून को नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य किया जाएगा और वडोदरा स्टेशन का सिग्नलिंग सिस्टम अपग्रेड हो जाएगा। अभी यात्रिओं की सुविधा के लिए प्लेटफार्म नंबर 4 एवं 5 की लम्बाई बढ़ाने का कार्य चल रहा है। इससे इन प्लेटफॉर्मों पर 22 कोच वाली ट्रेनों का संचालन संभव हो सकेगा। वर्तमान में प्लेटफॉर्म संख्या 4 की लंबाई 498 मीटर है, जिसे बढ़ाकर 592 मीटर किया जाएगा। इसी प्रकार प्लेटफॉर्म संख्या 5 की वर्तमान लंबाई 498 मीटर से बढ़ाकर 568 मीटर की जाएगी। इसके लिए प्लेटफार्म नंबर 5 व 6 पर ट्रेन परिचालन स्थगित किया गया है।
यह यार्ड रीमॉडलिंग एवं प्लेटफॉर्म विस्तार कार्य वडोदरा स्टेशन की परिचालन क्षमता को और सुदृढ़ करेगा तथा भविष्य की यातायात आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर एवं अधिक कुशल रेल सेवाएँ प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा।
वडोदरा स्टेशन के यार्ड के निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रिनी, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर सुमित ठाकुर, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर नलिन लोचन गुप्ता, वरिष्ठ मंडल सिग्नलिंग एंड टेलीकम्यूनिकेशन इंजीनियर विपुल गुप्ता, उप मुख्य सिग्नलिंग एंड टेलीकम्यूनिकेशन इंजीनियर अपूर्व तिवारी, मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य) परवेज खान, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर आभास सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।