वडोदरा की एमएसयू की महिला प्रोफेसरों और छात्रों की टीम ने तैयार की अभिनव डिज़ाइन वडोदरा. तेजी से सिमटते शहरी घरों और कार्यस्थलों की जरूरतों के अनुरूप अनूठी स्पेस-सेविंग मल्टी फंक्शनल टेबल को महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी (एमएसयू) छात्रों-प्राध्यापकों की तैयार किया है। आधुनिक इंटीरियर में बहुविध उपयोग वाली इस टेबल को पेटेंट भी मिला है।एमएसयू […]
वडोदरा की एमएसयू की महिला प्रोफेसरों और छात्रों की टीम ने तैयार की अभिनव डिज़ाइन
वडोदरा. तेजी से सिमटते शहरी घरों और कार्यस्थलों की जरूरतों के अनुरूप अनूठी स्पेस-सेविंग मल्टी फंक्शनल टेबल को महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी (एमएसयू) छात्रों-प्राध्यापकों की तैयार किया है। आधुनिक इंटीरियर में बहुविध उपयोग वाली इस टेबल को पेटेंट भी मिला है।
एमएसयू के समुदाय विज्ञान संकाय के समुदाय संसाधन प्रबंधन विभाग अध्यक्ष डॉ. सरजू पटेल, सहायक प्रोफेसर श्रुति चौधरी, जान्हवी लुहार, डॉ. ख्याति त्रिवेदी, डॉ. वाशिमा वीरकुमार, छात्र गौतम सुथार और अर्चना पिल्लै ने इसे तैयार किया है। इसे डिज़ाइन संख्या 480955-001 के तहत भारत सरकार के पेटेंट कार्यालय से पेटेंट भी मिला है। इसे स्वदेशी डिज़ाइन नवाचार में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
अनूठी टेबल की यह है खूबी
डॉ. सरजू ने बताया कि देश में पहली बार ऐसी टेबल बनाई है। इसकी ऊंचाई को कम-ज्यादा किया जा सकता है। साथ में दो स्टूल हैं, जिन्हें फोल्ड करके टेबल के नीचे रख सकते हैं। यह 1 फीट 9 इंच चौड़ा और 2 फीट 5 इंच लंबा हाइड्रोलिक टेबल है। छात्रों को इंटीरियर स्पेस प्लानिंग के बारे में पढ़ाते समय इसका विचार आया। आजकल घर छोटे होते जा रहे हैं, इसलिए कम जगह में कैसे ज्यादा काम की चीज बना सकते हैं, इस पर विचार करते हुए यह मल्टीफंक्शनल टेबल बनाई है।
कॉफी, डाइनिंग, स्टडी टेबल में बदलना आसान
इसे कॉफी टेबल, अध्ययन टेबल और डाइनिंग टेबल तीनों रूपों में आसानी से बदला जा सकता है। 19 मिमी मोटे प्लाईवुड से निर्मित, चमकदार सफेद लैमिनेट फिनिश वाली इस टेबल में दो स्टूल हैं जिन्हें इसके नीचे रखने की सुविधा है। स्मूथ-रोलिंग पहिए लगे हैं, जिससे कहीं भी आसानी से ले जा सकते हैं। 1.6 इंच से 2.6 इंच तक ऊंचाई बदलने की सुविधा है। दोनों ओर छिपे सुलभ भंडारण खंड हैं। इसमें इनबिल्ट स्विचबोर्ड, मल्टी-सॉकेट्स और इंटीग्रेटेड लैम्प भी हैं। इसके चलते यह घर और ऑफिस दोनों में काफी उपयोगी है।
आधुनिक डिज़ाइन में गुजराती कला की झलक
इस मल्टीफंक्शनल टेबल की सतह पर पारंपरिक अजरख प्रिंट की सजावट की है, जो गुजरात की समृद्ध वस्त्र विरासत को दर्शाती है। यह डिज़ाइन इस बात का उदाहरण है कि आधुनिकता और सांस्कृतिक कला एक साथ कैसे सामंजस्य स्थापित कर सकती हैं।
फर्नीचर नहीं, भविष्य की सोच
यह टेबल सिर्फ एक फर्नीचर नहीं है, बल्कि लचीलापन, एर्गोनॉमिक्स और सौंदर्य का संतुलित मेल है। यह नवाचार दर्शाता है कि जब डिज़ाइन मानव जरूरतों को केंद्र में रखकर की जाती है, तो साधारण जगहों को भी स्मार्ट और अर्थपूर्ण वातावरण में बदला जा सकता है।