अहमदाबाद

बारिश के बीच पावागढ़ में चट्टान गिरने से दो श्रद्धालुओं की मौत, चार अन्य घायल

मंदिर की ओर जाने वाली सीढ़ियों पर चढ़ रहे श्रद्धालुओं पर अचानक बड़े पत्थर और चट्टानें खिसक कर आ गिरीं। इस हादसे में दो जने पत्थरों के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, हालोल फायर ब्रिगेड और पावागढ़ रोपवे कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। इन लोगों ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला

2 min read
Pavagadh
Two killed after being crushed under a falling boulder in Pavagadh.

गोधरा. गुजरात के प्रसिद्ध तीर्थस्थल पावागढ़ स्थित कालिका माता मंदिर जाने वाले पैदल मार्ग पर शुक्रवार सुबह चट्टान गिरने से दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। मृतकों में प्रवीण परमार और गुणवंतसिंह परमार शामिल थे जो रिश्ते में चाचा-भतीजे बताए जाते हैं।

दोनों खेड़ा जिले के कठलाल के रहने वाले थे। उधर घायलों को तत्काल उपचार के लिए हालोल रेफरल अस्पताल भेजा गया।यह हादसा सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच पाटिया पुल के पास हुआ। खेड़ा जिले के कठलाल और आसपास के क्षेत्र से सात श्रद्धालुओं का समूह तड़के करीब दो बजे पैदल दर्शन के लिए निकला था। सुबह पांच से छह बजे के बीच जब समूह पाटिया पुल के पास पहुंचा, तभी तेज बारिश शुरू हो गई।

बारिश से बचने बड़ी चट्टान के नीचे रूके थे श्रद्धालु

गोधरा रेंज की डीआइजी विधि चौधरी ने बताया कि गुरुवार रात से क्षेत्र में लगातार भारी बारिश हो रही थी। कालिका माता मंदिर में सुबह 5 बजे होने वाली आरती में शामिल होने के लिए श्रद्धालु तड़के ही चढ़ाई शुरू कर देते हैं। हादसे का शिकार हुआ समूह भी रात करीब 2 बजे चढ़ाई के लिए निकला था। डीआइजी के अनुसार बारिश से बचने के लिए श्रद्धालु एक बड़ी चट्टान के नीचे रुके थे, लेकिन लगातार वर्षा के कारण वही चट्टान और उसके आसपास की चट्टानें खिसक गईं और श्रद्धालुओं पर गिर पड़ीं।

ये चार हुए घायल

हादसे में खेड़ा जिले के मेहमदाबाद निवासी पृथ्वीराज डाभी और जालम की मुवाड़ी निवासी मगन डाभी के पैरों में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि सूरत के कतारगाम से आए जय कुंभाणिया और जयेश कश्यप को शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को पहले हालोल रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से दो गंभीर घायलों को वडोदरा के एसएसजी अस्पताल रेफर किया गया।

जांच के दिए आदेश

पंचमहाल जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश देते हुए हालोल प्रांत अधिकारी की अध्यक्षता में राजस्व, वन और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम गठित की है।

रेवा पथ पैदल मार्ग अगले आदेश तक बंद

सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन की ओर से पावागढ़ के रेवा पथ पैदल मार्ग को जांच पूरी होने तक श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया है। यह पथ अगले आदेश तक बंद रहेगा। प्रशासन ने मानसून के दौरान पावागढ़ की पहाड़ियों में भूस्खलन और चट्टान गिरने की आशंका को देखते हुए श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

Published on:
19 Jun 2026 09:45 pm