
Ahmedabad. शहर के कृष्णनगर थाना क्षेत्र में 27 जून को दिन दहाड़े केयुर पटेल के पास से 50 लाख रुपए की नकदी लूटने के मामले की गुत्थी को जोन-5 उपायुक्त की एलसीबी और कृष्णनगर पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने इस में महिला आरोपी दिव्या गांगड़ेकर को पकड़ा है। उसके पास से 25 लाख रुपए की नकदी बरामद की है।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि लूट की इस घटना को अजूबा गिरोह की ओर से अंजाम दिया गया है। इस गिरोह का मुख्य सरगना छारानगर निवासी अजय उर्फ अजूबा गांगड़ेकर है। उसने ही उसके अन्य तीन साथियों के साथ मिलकर केयुर पटेल का बापूनगर की कमलेश कांति आंगडि़या पेढ़ी से निकलते ही पीछा किया।
कृष्णनगर के मारूति प्लाजा पहुंचते ही उसकी कार से बाइक को टकरा दिया और केयुर पटेल व उनके भतीजे निशांत पटेल से झगड़ा करने लगा। इसी दौरान इनके दो अन्य साथियों ने केयुर की कार का कांचतोड़कर अंदर से 50 लाख की नकदी भरे बैग को लूट लिया और फरार हो गए। लूट की राशि अजय उसकी पत्नी दिव्या को देकर फरार हो गया था। दिव्या के पास से लूट की 25लाख की राशि बरामद की है। उसे पकड़ लिया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि इस गिरोह के विरुद्ध देशभर में 31 मामले दर्ज हैं। ऐसे में गुजसीटोक के तहत भी कार्रवाई की गई है,जिसमें गिरोह का मुखिया अजय फरार है। उसकी अनुपस्थिति में दिव्या ही गिरोह का कामकाज संचालित करती है। गिरोह के अन्य आरोपियों में प्रतीक उर्फ अंधो पानवेकर, विशाल तनवानी और शंकुल भोगेकर शामिल हैं।
अहमदाबाद. शहर के ईसनपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले पीयुष शर्मा (32) को यूके का जॉब वीजा दिलाने के नाम पर 6.45 लाख रुपए की चपत लगाने का मामला सामने आया है। 29 जून को पीयुष की ओर से मुंबई सेंट्रल जुहू निवासी वैभव शिंदे (34) के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें बताया कि एक फरवरी 2024 से 29 जून 2026 के दौरान वैभव ने पीयुष और उनके परिजनों को ब्रिटेन (यूके) में जॉब और वीजा दिलाने का विश्वास देते हुए उनके पास से 6.45 लाख रुपए ले लिए। वीजा नहीं दिलाकर ठगी की है।