अजमेर

अपहरण व फिरौती वसूली के 4 आरोपी गिरफ्तार

केकड़ी से व्यापारी व मुनीम को किया था अगवा
less than 1 minute read
Dec 14, 2019
अपहरण व फिरौती वसूली के 4 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस गिरफ्त में आरोपी।

अजमेर/केकड़ी. पुलिस ने केकड़ी से एक आढ़त व्यापारी एवं मुनीम का अपहरण कर 28 लाख रुपए की फिरौती वसूली के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी सहित अन्य आरोपी फरार है। पुलिस ने इनकी तलाश में कई जगहों पर दबिश दी है। कार्यवाहक थानाप्रभारी एसआई रामविलास मीणा ने बताया कि केकड़ी निवासी जितेन्द्र सिंघवी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सीपुरा-दतवास जिला टोंक निवासी मुकेश फागणा ने एक माह के भीतर कुल 25 ट्रक मूंगफली का व्यापार किया। जिसका भुगतान वह बेचान के समय ही प्राप्त करता रहा।

गत 28 नवम्बर को सुबह 5 बजे मुकेश एवं उसके साथियों ने मोबाइल पर कॉल कर उसे व उसके मुनीम राजेन्द्र को नायकी के पास बुलाया तथा अपहरण कर निवाई के जंगलों में ले गए। जहां आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए फिरौती के 70 लाख रुपए मांगे। बाद में मुनीम ने व्यापारी सिंघवी के अकाउण्ट से 28 लाख रुपए निकलवा कर अपहरणकर्ताओं को लाकर दिए। इसके बाद आरोपियों ने दोनों को छोड़ दिया।
पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। अनुसंधान के बाद पुलिस ने सीपुरा, थाना दतवास-टोंक निवासी कंवरपाल गुर्जर, अरनिया, दतवास-टोंक निवासी हंसराज गुर्जर, सेदरिया, थाना निवाई-टोंक निवासी महेन्द्र सिंह गुर्जर व रामरतन गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया।

Updated on:
14 Dec 2019 11:23 pm
Published on:
14 Dec 2019 11:23 pm