अजमेर

खानपुरा से युवक किया अगवा, मारपीट कर जौंसगंज में फेंका

वारदात के बाद परिजन पहुंचे रामगंज थाने,देर रात लहूलुहान हालत में मिला युवक, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

2 min read
Jun 16, 2024
खानपुरा से अगवा युवक के शनिवार देर रात जख्मी हालत में मिलने के बाद अस्पताल में बयान लेते पुलिस अधिकारी।

अजमेर(Ajmer News). खानपुरा में शनिवार रात दो माह पहले जेल से छूट कर आए युवक को वैन और बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने अगवा कर लिया। परिजन ने उन्हें रोकना चाहा तो आरोपियों ने हाथापाई व मारपीट की। परिजन की शिकायत पर रामगंज थाना पुलिस सक्रिय हुई तो अपहर्ता उसे मारपीट कर जौंसगंज इलाके में पटक गए। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

खानपुरा चिश्तीनगर निवासी सलीम ने बताया कि शनिवार रात करीब 8 बजे एक वैन व 5-7 युवक बाइक पर चाकू, तलवार, लाठी व सरिए लेकर उसके मकान में दाखिल हुए। आरोपियों ने बेटे सोहेल के साथ मारपीट की। उसने और उसकी बेटियों ने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्रता की। आरोपी सोहेल को वैन में अगवाकर ले गए। उसने रोकना चाहा तो आरोपी उसे भी वाहन में डालने लगे। वह जैसे-तैसे उनसे बच पाया। पुलिस ने सलीम की शिकायत पर वैन व बाइक सवार बदमाशों की तलाश में टीमें रवाना कर दी। देर रात सोहेल परिजन को जौंसगंज इलाके में घायल अवस्था में मिला। आरोपी उसे बुरी तरह मारपीट कर पटरी के किनारे पटक गए।

जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में उपचार के दौरान अपनी पीठ की चोट दिखाता सोहेल।

वैन में की पिटाई

अस्पताल पहुंचे सोहेल के चेहरे, पीठ पर चोट के कई निशान हैं। उसकी दोनों आंख सूज रखी हैं। उसकी पीठ पर गर्म सरिए या घसीटने के गहरे निशान हैं। देर रात रामगंज थाने के हैडकांस्टेबल वीरेन्द्र सिंह ने सोहेल के बयान लेने के प्रयास किए। उसका आपातकालीन इकाई में उपचार किया जा रहा है।

पुरानी रंजिश का आरोप

सलीम ने बताया कि उसका बेटा करीब ढाई माह पहले चोरी के मामले में जेल से रिहा होकर आया है। जेल से लौटने के बाद उसने आपराधिक गतिविधि छोड़ दी। संभवत: आरोपी पुरानी रंजिश के चलते उसे अगवाकर ले गए। उसने घटना के वक्त पुलिस कन्ट्रोल रूम 100 नम्बर पर कॉल किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। आखिर उसने रामगंज थाने पहुंच शिकायत दी।

खानपुरा से सोहेल को घर से अगवाकर ले जाने के बाद शिकायत करने रामगंज थाने पहुंचे परिजन।

पुलिस ने तोपदड़ा में दी दबिश

पुलिस ने प्रकरण की पड़ताल करते हुए वारदात के कुछ मिनट बाद ही सीसीटीवी फुटेज से वैन के रजिस्ट्रेशन नंबर निकालकर उसके मालिक के घर तोपदड़ा में दबिश दी। आरोपी घर से नदारद था और उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आ रहा था। वैन चालक के परिजन पर दबाव बनाया तो आरोपी सोहेल को मारपीट कर छोड़ गए।

Published on:
16 Jun 2024 02:39 am
Also Read
View All

अगली खबर