अजमेर

भूले गुलाब के फूलों की सुगंध, दरगाह के खादिमों ने कुछ यूं चढ़ाई बाहें

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2018, 9:52 AM IST
rose flowers issue
rose flowers issue

अजमेर.

ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह में मजार पर चढ़ाए जाने वाले फूलों के निस्तारण को लेकर शुरू हुआ विवाद थमा नहीं है। दरगाह कमेटी सदर अमीन पठान ने इस संबंध में खादिमों की संस्था अंजुमन के पदाधिकारियों से बात की। इसमें अंजुमन पदाधिकारियों ने दरगाह कमेटी के स्तर पर फूलों के निस्तारण की मंजूरी दे दी लेकिन जब दरगाह कमेटी कर्मचारी फूल लेने गए तो कुछ खादिमों ने उन्हें रोक दिया और फूल नहीं उठाने दिए।

दरअसल दरगाह कमेटी की ओर से पूर्व में यह निर्णय किया गया था कि मजार पर चढऩे वाले फूलों से खाद के पैकेट तैयार कर जायरीन में वितरित किए जाएंगे। इसे लेकर कुछ खादिमों ने एतराज जता दिया और खाद बनाने के लिए फूल देने से इन्कार कर दिया था।

इसे देखते हुए दरगाह कमेटी ने अपना निर्णय भी बदल लिया। कमेटी ने अब तय किया है कि कायड़ विश्राम स्थली में एक कुआं खोदा जाएगा और पूर्व की भांति ही फूलों को जमीन में ठंडा किया जाएगा। इसके बावजूद कुछ खादिम कमेटी को फूल नहीं सौंपने पर अड़े हुए हैं।

---------कायड़ में बनेगा गुलाब बाग

खाद शब्द पर एतराज होने के बाद दरगाह कमेटी ने इसे बरकती पत्तियां नाम दिया है। कमेटी ने यह निर्णय किया है कि कायड़ विश्राम स्थली पर फूलों का बाग तैयार किया जाएगा जिसमें बरकती पत्तियां काम में ली जाएगी। इस बाग में उगने वाले फूल मजार शरीफ पर सेज-ए-गुल के रूप में पेश किए जाएंगे। साथ कमेटी ने यह स्पष्ट किया है कि बरकती पत्तियों का किसी भी तरह व्यावसायिक उपयोग नहीं किया जाएगा।

दो खादिमों के खिलाफ मामला दर्ज

ख्वाजा साहब के मजार पर चढऩे वाले फूल नहीं उठाने देने के मामले में दरगाह कमेटी ने दरगाह थाने में दो खादिमों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। इसमें फूल उठाने का प्रयास कर रहे दरगाह कमेटी दो कार्मिकों के साथ अभद्रता, धक्का-मुक्की और राजकार्य में बाधा का आरोप लगाया गया है।

सहायक नाजिम मोहम्मद आदिल की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आदिल ने पुलिस को बताया है कि वे दो कर्मचारियों को लेकर फूल लेने पहुंचे तो खादिम अच्चू उर्फ इशाक व शमीम नियाजी ने दरगाह कर्मचारियों के साथ अभद्रता, धक्का मुक्की की व राजकार्य में बाधा पहुंचाई।

Published on: