अजमेर

Ajmer lock down: बरसात ने लगाई लोगों पर कुछ लगाम, सडक़ों पर भीड़ कम

रेन कोट पहनकर कई लोग वाहन चलाते और पैदल चलते भी नजर आए हैं।
2 min read
Mar 27, 2020
rain stop peoples
rain stop peoples

अजमेर.

जहां लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए अजमेर में पुलिस और प्रशासन मोर्चा संभाले हुए है। वहीं कई लोग पिछले तीन दिन में भी घरों से बाहर निकलने से बाज नहीं आए हैं। शुक्रवार को पलटे मौसम ने लोगों पर कुछ लगाम लगाई है। सुबह से टपका-टपकी के चलते सडक़ों पर लोग कम दिख रहे हैं। हालांकि रेन कोट पहनकर कई लोग वाहन चलाते और पैदल चलते भी नजर आए हैं।

केंद्र सरकार ने पूरे देश में 14 अप्रेल तक लॉक डाउन घोषित किया है। इसके बावजूद कई लोगों पर असर नहीं पड़ा है। तीन दिन से लोग पहिया, चौपहिया वाहनों पर लोग घूमते दिख रहे हैं दूध के ट्रक-जीप, सब्जियों के वाहनों को प्रशासन ने संचालन की अनुमति दी है।

बरसात से कुछ असर...
शुक्रवार तडक़े 3 बजे से बरसात का दौर जारी है। बारिश के कारण सडक़ों पर लोगों की आवाजाही कम नजर आई है। पत्रिका टीम सुबह कुछ इलाकों में पहुंची तो पिछले तीन दिन की तरह सडक़ों पर कम भीड़ दिखी। हालांकि रेन कोट और छतरी लेकर कुछ लोग पैदल अथवा दोपहिया वाहनों पर चलते जरूर नजर आए। बरसात ने कुछ हद तक लोगों को घरों में रहने को मजबूर किया है।

नहीं माने तो बढ़ेगी सख्ती

बीते दो-तीन दिन से कई दिहाड़ी मजदूर भी वैशाली नगर, शास्त्री नगर, नगरा, रामगंज और अन्य जगह पहुंच रहे हैं। पुलिस इन्हें चेताया कि घरों से बाहर निकलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आनासागर लिंक रोड, बजरंगगढ़ चौराहा, स्टेशन रोड, जयपुर रोड-कलक्ट्रेट, कचहरी रोड, शास्त्री नगर, आदर्श नगर सहित कई चौराहों पर पुलिस ने नाकाबंदी लगाई है।

वाहन लॉक, पड़ रहे डंडे
बेवजह घूमने वाले दोपहिया-चौपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती कर रही है। कई जगह पुलिस ने वाहन लॉक कर चाबी जब्त की है। निर्देशों की पालना नहीं करने वालों के नियमानुसार चालान बनाए जा रहे हैं। लॉकडाउन की अवहेलना करने वालों के डंडे भी पड़ रहे हैं।

मत निकलें घरों से बाहर

नाकाबंदी पर पुलिसकर्मी लोगों को घरों में रहने की हिदायत दे रहे हैं। पुलिसकर्मी लाउड स्पीकर लेकर भी घूम रहे हैं। वे लोगों से घरों में रहने की अपील करने में जुटे हैं। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने बेवजह सडक़ों, गली-मोहल्लों में घूमने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

Updated on:
27 Mar 2020 06:57 am
Published on:
27 Mar 2020 06:57 am