सर्वाइकल कैंसर से बचाव के अभियान के तहत वैक्सीनेशन को लेकर चिकित्सा विभाग की पहल को मजबूती मिल रही है। टीकाकरण को लेकर किशोरियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
अजमेर (Ajmer news). सर्वाइकल कैंसर से बचाव के अभियान के तहत वैक्सीनेशन को लेकर चिकित्सा विभाग की पहल को मजबूती मिल रही है। टीकाकरण को लेकर किशोरियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। स्वास्थ्य के प्रति ऐसी ही जागरुकता और उत्साह का अनोखा संगम उस समय देखने को मिला, जब सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए आयोजित एचपीवी वैक्सीनेशन कैंप में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग आरसीएच की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पंचशील में आयोजित इस कैंप में 14 से 15 वर्ष 90 दिन आयु वर्ग की 71 किशोरियों को नि:शुल्क वैक्सीन लगाई गई। इस सराहनीय पहल में माहेश्वरी पब्लिक स्कूल की सभी छात्राएं शामिल रहीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. आर. के. श्रीवास्तव ने पहले ही अभिभावकों से अनुमति लेकर पूरी तैयारी सुनिश्चित की। उनके नेतृत्व और शिक्षकों की प्रेरणा ने छात्राओं को स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्सना रंगा और आरसीएचओ डॉ. शिन्दे स्वाति के प्रयासों से कार्यक्रम में किशोरियों का खासा उत्साह नजर आया। आरसीएच टीम ने पूर्व में स्कूल में जाकर किशोरियों की काउंसलिंग की, जिससे उनके मन में वैक्सीनेशन को लेकर सकारात्मक सोच विकसित हुई। इस दौरान सीएचसी की चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिखा माथुर ने भी सहयोग दिया। उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रधानाचार्य डॉ. श्रीवास्तव को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया, वहीं वैक्सीनेशन कराने वाली किशोरियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इस पहल ने यह संदेश दिया कि यदि अन्य शिक्षण संस्थाएं भी इसी तरह आगे आएं और छात्राओं व अभिभावकों को प्रेरित करें, तो सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से भविष्य में बचाव संभव है। अजमेर की इन किशोरियों का जज्बा निश्चित ही समाज के लिए प्रेरणा बनकर उभरा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 फरवरी 2026 को अजमेर से सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए देशव्यापी एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत की थी। यह अभियान 14 साल तक की किशोरियों को नि:शुल्क टीका लगाकर उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करने के लिए शुरू किया गया है।
यह एक राष्ट्रव्यापी अभियान है, जिसका शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अजमेर की धरा से किया। इसका लक्ष्य भारत में सर्वाइकल कैंसर के मामलों को कम करना और किशोरियों के स्वास्थ्य को सुनिश्चित करना है। यह टीका किशोरियों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है और उन्हें संक्रमण से बचाता है। अजमेर से शुरू हुआ यह अभियान देशभर में सर्वाइकल कैंसरमुक्त भविष्य की ओर महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।