अजमेर

Ajmer Sharif Urs 2022: बड़े कुल की रस्म और जुमे की नमाज में उमड़े आशिकान-ए-ख्वाजा

अमन-चैन और खुशहाली की दुआ
less than 1 minute read
• •
Updated: 12 Feb 2022, 1:23 AM IST
बड़े कुल की रस्म
Ajmer Sharif Urs 2022: बड़े कुल की रस्म और जुमे की नमाज में उमड़े आशिकान-ए-ख्वाजा

अजमेर. सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती के 810वें उर्स में शुक्रवार को बड़े कुल की रस्म और जुमे की नमाज में अकीदतमंद का सैलाब उमड़ा। बड़े कुल की रस्म और जुमा एक ही दिन होने के कारण गुरुवार देर रात तक जायरीन की आवक बनी रही। जायरीन शुक्रवार सुबह जल्दी ही दरगाह पहुंच गए। इस दौरान दरगाह परिसर में विभिन्न स्थानों पर कुल के छींटे देने के लिए अकीदतमंद में होड़ मची रही।

रस्म के दौरान खादिमों ने मजार शरीफ पर गुलाबजल और केवड़े से गुस्ल दिया, इत्र, चंदन आदि पेश किए। जायरीन ने दरगाह के विभिन्न स्थानों की धुलाई भी की। रस्म के दौरान कई जायरीन कुल के छींटों में नहाए भी और पानी को बोतलों में भर कर साथ ले गए। बड़े कुल की रस्म के साथ ही ख्वाजा साहब का उर्स विधिवत रूप से सम्पन्न हो गया।

वहीं जुमे की नमाज में गजब का जुनून देखने को मिला। दरगाह परिसर नमाजियों से खचाखच भरने के बाद दरगाह के बाहर सड़कों पर नमाजी बैठने लगे। देखते ही देखते दरगाह बाजार, नला बाजार, लंगरखाना गली, धानमंडी, देहली गेट तक नमाजियों की लम्बी लाइन लग गई। दरगाह के आस-पास विभिन्न गलियों में और मकानों की छतों पर जायरीन ने नमाज पढ़ी। सभी ने मुल्क में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ की।

Published on: