अजमेर

सावधान रहे इन पुलिस अफसरों से, इन पर किया भरोसा तो ऐसा होगा हाल…

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
• •
Updated: 9 Oct 2018, 9:27 AM IST
loot in ajmer
loot in ajmer

अजमेर.

एक तरफ जिला पुलिस प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की यात्रा की सुरक्षा में व्यस्त थी, वहीं शहर में फर्जी पुलिस बनकर ठग सक्रिय हो गए। वैशालीनगर क्षेत्र में दिनदहाड़े ठग एक महिला को पुलिसिया रोब दिखा सोने की चूडिय़ां उतार ले गए। पीडि़ता ने थाने में शिकायत दी भी दी लेकिन पुलिस वारदात को दबाने में जुटी रही। खास बात यह रही कि वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस सीसीटीवी फु टेज के आधार पर ठगों की तलाश में जुटी है।

क्रिश्चियनगंज थाना पुलिस के अनुसार माकड़वाली रोड बालाजीनगर निवासी मीना पत्नी वासुदेव छबलानी सुबह सैर के लिए निकली। बालाजी नगर के कॉर्नर पर एक युवक दौड़ता हुआ आया और उसने मीना को रोक कर आगे पुलिस की नाकाबंदी व तलाशी का हवाला दिया। युवक ने गली के नुक्कड़ पर खड़े एक अन्य युवक की ओर इशारा करते हुए कहा कि आपको ‘ साहब’ बुला रहे है।

मीना के उस तरफ देखते ही नुक्कड़ पर खड़े व्यक्ति ने भी उसे पास आने का इशारा किया। इस पर मीना दूसरे व्यक्ति तक पहुंची। नुक्कड़ पर खड़े व्यक्ति ने पुलिसिया रौब दिखाते हुए उसको सोने की ज्वैलरी पहनकर निकलने पर जुर्माना लगाने की बात कही। उसके बाद उसने मीना को सोने की चूडिय़ां उतारने के लिए कहा। मीना ने आना-कानी की तो एक अन्य युवक (ठगों का तीसरा साथी) बैग लेकर पहुंच गया।

उसको पुलिस अधिकारी बने ठग ने रोककर पुलिससिया रोब झाड़ कर फटकार लगाई तथा उसके गले से चेन उतरवाकर जेब में रखने की हिदायत दी। युवक ने तुरन्त चेन खोलकर बैग में डाल ली। यह देख मीना घबराई मीना ने भी चूडिय़ां उतार ली। फर्जी पुलिस अफसर बने ठग ने मीना से चूडिय़ां ली और कागज में लपेट दी। मीना को पता भी नहीं चला कि उसने हाथ की सफाई दिखाते हुए पहले से तैयार दूसरी पुडिय़ा उसे थमा दी।

कुछ कदम चलने के बाद मीना ने कागज में लिपटी चूडिय़ां देखी तो उसके होश उड़ गए। कागज में उसकी सोने की चूडिय़ा नहीं थी। वह तुरंत लौटी लेकिन तब तक ठग चंपत हो चुके थे। पीडि़ता ने क्षेत्रवासियों को सूचना देकर अपने परिजन को आपबीती सुनाई। परिजन उसको थाने ले गए। पुलिस ने ठगी के मामले को जांच में रख लिया। गुरुवार को प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया।

सफेद शर्ट में थे युवक

क्षेत्रवासियों के मुताबिक मीना से ठगी की वारदात अंजाम देने में चार युवक शामिल थे। पहले मिलने वाले युवक ने सफेद शर्ट और काली टोपी पहन रखी थी जबकि अधिकारी बनकर आए युवक ने सफेद शर्ट और भूरे रंग की पेंट पहन रखी थी। पीडि़ता के सामने आरोपित ने जेब से पहचान पत्र भी निकाला लेकिन उसने पहचान पत्र की सिर्फ झलक दिखा वापस रख लिया।

...साथी से उतरवाई चेन

चूडिय़ां उतारने में परेशानी होने पर ठग युवक ने मीना को नारियल का तेल दिया और चूडिय़ां उतारने में मदद की।

बाइक पर आया चौथा साथी
वारदात में चौथा ठग बाइक लेकर आया। उसने धारीदार टी शर्ट पहन रखी थी। वह बैग लेकर आए युवक को बाइक पर बैठाकर ले गया।

Published on: