अजमेर

5 हजार 34 आवेदन : 48 पर पुरुष व 31 दुकानों पर महिलाओं की किस्मत ने मारा जोर

Allotment of liquor shops करौली जिले में शराब के दुकानों का लॉटरी के जरिए आवंटन,कलक्ट्रेट परिसर में आवेदनकर्ताओं की रही दिनभर रही भीड़,सबसे अधिक महंगी दुकान कैलादेवी की 2 करोड़ 44 लाख
2 min read
Mar 12, 2020
5 हजार 34 आवेदन : 48 पर पुरुष व 31 दुकानों पर महिलाओं की किस्मत ने मारा जोर
5 हजार 34 आवेदन : 48 पर पुरुष व 31 दुकानों पर महिलाओं की किस्मत ने मारा जोर

अजमेर/करौली. शराब की दुकानों के नए आवंटन में करौली जिले में31 शराब की दुकानों की मालिक महिलाएं होंगी। जिले में देशी व अंग्रेजी शराब की दुकानों के आवंटन के लिए गुरुवार को यहां कलक्ट्रेट परिसर स्थित सूचना केन्द्र के टाउन हॉल में लॉटरी निकाली गई।

इस दौरान 31 महिलाओं के नाम से देशी-अंगे्रजी मदिरा की दुकानें खुली हैं, जबकि लॉटरी के आधार पर 48 दुकानें पुरुषों के नाम से आवंटित की गई है। जिले की मदिरा दुकानों के लिए आबकारी विभाग ने कुल 5 हजार 34 आवेदन सत्यापित किए थे, जिनकी गुरुवार को लॉटरी निकाली गई। बताया गया है कि पहली बार इतनी अधिक संख्या में महिलाओं के नाम से दुकानें आवंटित हुई हैं।

हजारों लोगों की रही भीड़

जिला कलक्टर डॉ. मोहनलाल यादव की अध्यक्षता में लॉटरी प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनीवाल भी मौजूद रहे। शराब की दुकानों की लॉटरी निकलने के दौरान कलेक्ट्रेट में जिले भर से आए हजारों लोगों की भीड़ रही। इस कारण शांति व्यवस्था के मद्देनजर पुलिसकर्मी तैनात किए गए।

जिला आबकारी अधिकारी विवेकानन्द शर्मा ने बताया कि जिले में ६६ देशी मदिरा समूह तथा १३ अंग्रेजी दुकानों के लिए लॉटरी निकाली गई। इन दुकानों के लिए कलक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला रसद अधिकारी रामसिंह मीना सहित अन्य अधिकारियों ने बारी-बारी से लॉटरी निकाली। इस प्रक्रिया में कार्यवाहक उपखण्ड अधिकारी हेमराज गुर्जर, आबकारी निरीक्षक नीरज शर्मा, मांगीलाल विश्नोई भी मौजूद रहे।

धार्मिक स्थल पर सबसे अधिक महंगी दुकान

आबकारी निरीक्षक नीरज शर्मा ने बताया कि लॉटरी में सफल रहे आवेदनकर्ताओं को 31 मार्च से पहले पूरा शुल्क जमा कराना होगा। यूं तो कैलादेवी प्रसिद्ध आस्थाधाम है, जहां विभिन्न शहरों से कैलादेवी के दर्शन करने के लिए श्रद्धालु आते हैं, लेकिन इस आस्थाधाम में शराब का चलन (बिक्री) इतना अधिक है कि जिले में सबसे महंगी मदिरा की दुकान कैलादेवी के आवंटित हुई है।

खास बात यह भी है कि मदिरा दुकानों के लिए सबसे ज्यादा आवेदन कैलादेवी की देशी-अंग्रेजी मदिरा दुकानों के लिए प्राप्त हुए। आबकारी निरीक्षक नीरज कुमार शर्मा ने बताया कि जिले के कुल 5034 आवेदनों में से कैलादेवी की दुकान के लिए सर्वाधिक 1048 आवेदन प्राप्त हुए थे। यही कारण है कि कैलादेवी की मदिरा की दुकान भी सबसे महंगी रही है। इस दुकान का लाइसेंस शुल्क २ करोड़ ४४ लाख रुपए जमा होगा।

आवंटन पर लगते रहे जयकारे

मदिरा दुकानों की लॉटरी के चलते कलक्ट्रेट परिसर में आवेदनकर्ताओं सहित उनके हिस्सेदारों की भीड़ रही। इसके चलते कलक्ट्रेट परिसर भर गया। वहीं कलक्ट्रेट के अन्दर व बाहर दुपहिया सहित चौपहिया वाहनों का जमावड़ा लगा रहा।

हालांकि अन्दर आवेदनकर्ताओं को ही प्रवेश दिया गया। लॉटरी में जिन आवेदनकर्ताओं की लॉटरी निकली तो वे खुश नजर आए। दुकान आवंटन की घोषणा पर उनके साथ आए लोग सडक़ पर खड़े होकर जयकारे लगाते रहे। एक तरह से चुनावी माहौल दिखा। आबकारी विभाग की ओर से टाउन हॉल के बाहर एलईडी लगाकर लॉटरी प्रक्रिया का लाइव प्रसारण कराया गया।

Published on:
12 Mar 2020 11:54 pm